MP News: संपत्ति की लालच में गोली मारकर ली थी व्यवसायी की जान, 2 आरोपी गिरफ्तार, 1 की तलाश जारी

MP News: मप्र के बैतूल शहर के गंज क्षेत्र में हुई व्यवसायी अशोक पवार की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी थी, लेकिन अब बैतूल पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे संपत्ति का लालच बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पत्नी के मायके पक्ष ने एक आरोपी को मुंह बोला भाई मानकर संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया था, जिसके चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

क्या हुआ था उस रात? (MP News)

यह घटना 18 मार्च 2025 की रात करीब 9:39 बजे की है। अशोक पवार अपनी दुकान पर थे, तभी पास के दुकानदार वरु आहुजा ने अशोक के भाई रमेश पवार को फोन कर बताया कि अशोक काउंटर पर अचेत पड़े हैं और उनके सीने से खून बह रहा है। रमेश अपने छोटे भाई मनोज और किरायेदार सुशील चौरे के साथ तुरंत दुकान पहुंचे। वहां अशोक गंभीर हालत में मिले। उन्हें पहले लस्करे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर न होने की वजह से जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया और बताया कि उनके सीने में गोली लगी थी।

सीसीटीवी ने खोला राज

पुलिस ने जांच शुरू की तो दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। ये युवक घटना से पहले दुकान के पास रेकी करते नजर आए। फुटेज में साफ दिखा कि उनमें से एक युवक दुकान में घुसा और अशोक पवार को गोली मार दी। इस सबूत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस की तेजी से कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत विशेष टीम गठित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सायबर सेल की मदद और एफएसएल की रिपोर्ट के आधार पर साक्ष्य जुटाए। तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को धर दबोचा।

कौन हैं आरोपी?

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश गिरी गोस्वामी (30 वर्ष) और विलेशगिरी (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया वाहन और एक देशी कट्टा भी बरामद किया है।

पुलिस टीम की मेहनत

इस मामले को सुलझाने में बैतूल पुलिस की कई टीमों ने दिन-रात मेहनत की। सायबर सेल, सीसीटीवी विश्लेषण टीम और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में थाना प्रभारी अरविंद कुमरे सहित कई पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।

तीसरे आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने दो आरोपियों को तो पकड़ लिया है, लेकिन इस मामले में शामिल एक अन्य संदिग्ध अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Also Read:Betul Crime News: बिगड़ते लॉ एंड ऑर्डर से विधायक बेहद नाराज, पुलिस विभाग में हो सकता बड़ा फेरबदल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button