Betul Road Accident: कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक की दर्दनाक मौत, भोपाल -नागपुर हाईवे पर हुआ हादसा
Betul Road Accident: Car hits bike, one person died tragically, accident happened on Bhopal-Nagpur highway
Betul Road Accident: भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर बैतूल के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती किया है।
बैतूल बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार रात लगभग 11 बजे बडोरा-आठनेर मार्ग के पास फोरलेन पर भोपाल की ओर से आ रही एक कार ने फोरलेन क्रॉस कर रहे बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में चांदू निवासी सूर्यकांत पिता दीपचंद वरवड़े (31) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार एक अन्य युवक नितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
अस्पताल जा रहे थे बाइक सवार
जानकारी के मुताबिक कार चालक सुखतवा के रहले वाले हैं। वे जामसांवली में दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी बैतूल के पास फोरलेन पर हादसा हो गया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर फोरलेन की रैलिंग तोड़ते हुए खाई में उतर गई। कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आई है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक के कोई रिश्तेदार जिला अस्पताल में भर्ती थे, जिसका टिफिन लेकर दो युवक अस्पताल आ रहे थे। फोरलेन क्रॉस करते समय कार ने बाइक सवारों को रौंद दिया। सूचना मिलते ही बैतूल बाजार पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जायजा लिया। कार चालक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरु कर दी है। इधर मृतक का शनिवार सुबह जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया हैं। पुलिस पूरे हादसे की जांच में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद ही घटना के संबंध में और जानकारी मिल पाएगी।



