MP Weather Update: मप्र के बैतूल समेत 24 जिलों से मानसून की विदाई, अब जल्द आएंगे ठंड के दिन
MP Weather Update: Monsoon farewell from 24 districts of Madhya Pradesh including Betul, now cold days will come soon
MP Weather Update: आखिरकार मप्र के कई जिलों से मानसून की विदाई हो गई है। इस वर्ष मानसून देरी से आया और देरी से वापसी हुई है। मानसून के जाने के बाद अब ठंड के दिन आने वाले है। मौसम विभाग भोपाल ने जारी की गई एडवायजरी में बताया कि 6 अक्टूबर को दक्षिण, पश्चिम मानसून मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ छत्तरपुर, पन्ना, सतना, कटनी, जबलपुर, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिदवाड़ा, बैतूल. नर्मदापुरम, हरदा, रायसेन, विदिशा, भोपाल, सीहोर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बढ़वानी, अलीराजपुर जिले से मानसून की विदाई हो गई है। अब बारिश की संभावना बहुत कम रहेगी। अभी कुछ दिन तक दिन के तापमान में धूप खिलने के कारण बढ़ोत्तरी हो सकती है। तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। अभी जिले में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास है। जिले में पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि इस वर्ष जून माह में मानसून एक महीने की देरी से आया था। 30 सितम्बर को मानसून की विदाई हो जाती, लेकिन इस बार 6 दिन बाद मानसून की विदाई हुई है। जल्द आएंगे ठंड के दिन
मौसम विभाग का कहना है कि कुछ ही दिनों बाद ठंड के दिन आने वाले है। उत्तर भारत से ठंडी हवाएं आने पर धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में कमी आएंगी और ठंड के तेवर बढ़ने लगेंगे। ठंड दस्तक देने के लिए अभी कुछ दिनों का समय जरूर लगेगा। अभी से रात के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत में जैसे ही बर्फबारी होगी और ठंडी हवाएं चलेगी वैसे ही तापमान में गिरावट आएगी। ठंड के दस्तक देते ही लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हो जाएंगे। अभी से दुकान संचालक गर्म कपड़ों की दुकान सजाने में लगे हुए है। इस बार सामान्य बारिश रही इसलिए ठंड के भी बहुत अधिक तेवर दिखने की संभावना कम बनी है।
लोकल सिस्टम हो सकते हैं एक्टिव
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की तो विदाई हो गई, लेकिन कुछ लोकल सिस्टम बनने के कारण आने वाले दिनों में बैतूल के कुछ हिस्से में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल अभी कोई भी नया सिस्टम एक्टिव नहीं है। जिससे अगले 24 घंटे के दौरान बारिश की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहने की एडवायजरी जारी की है। हवा की गति 10 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से रह सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 20 से 21 डिग्री के बीच बना रहेगा।
बैतूल में 45 इंच हुई औसत बारिश
जबसे बारिश की शुरूआत हुई तबसे लेकर अब तक जिले में कुल औसत बारिश लगभग 45 इंच हुई है। कुछ ऐसे ब्लॉक है जहां बहुत कम बारिश हो पाई। आठनेर, घोड़ाडोंगरी यह ऐसे दो ब्लॉक में जहां बहुत कम बारिश हो पाई है। वहीं क्षेत्र के किसानों को बारिश कम होने से परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक बैतूल में 44, घोड़ाडोंगरी 36, चिचोली 44, शाहपुर 35, मुलताई 39, प्रभातपट्टन 38, आमला 41, भैंसदेही 63, आठनेर 24 और भीमपुर में 70 इंच बारिश हुई है।



