Betul Maveshi Taskari: ट्रक में भरकर कत्लखाने ले जा रहे 40 मवेशी बरामद, दम घुटने से 7 की मौत
Betul Maveshi Taskari: 40 cattle were found being loaded in a truck and being taken to slaughter house, 7 died due to suffocation.
Betul Maveshi Taskari: बैतूल जिले में गौवंश तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर मवेशियों को ट्रकों में इस तरह से भरकर ले जाते है कि समझ पाना मुश्किल हो जाता है कि ट्रक में मवेशी है या सामान भरा है। तस्कर ट्रक में भूसे की बोरिया और थर्माकोल लगाकर मवेशियों को कत्लखाने ले जा रहे थे। हिन्दू सेना के कार्यकर्ताओं को सूचना मिलने पर 6 किलोमीटर पीछा करते हुए मवेशियों से भरे ट्रक को पकड़ा।
हिन्दू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने बताया कि सूचना मिली थी कि आयशर ट्रक क्रमांक सीजी-15-डीजेड-3576 में मवेशियों को भरकर कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर उड़दन के पास में राष्ट्रीय हिन्दू सेना के कार्यकर्ताओं ने ट्रक की घेराबंदी की। तस्कर यहां से तेजी से ट्रक भगाते हुए ले जाने लगे। हिन्दू सेना के कार्यकर्ताओं ने ट्रक का लगभग 6 किलोमीटर तक पीछा किया। सोनाघाटी कटी पहाड़ी के पास हाईवे पर फोर व्हीलर गाडिय़ों को अड़ाकर ट्रक को रोका गया। ट्रक में मवेशियों को भूसे की बोरियां, थर्माकोल और कैरेट लगाकर क्रूरतापूर्वक भरा था। जब हिन्दू सेना के कार्यकर्ताओं ने ट्रक को पकड़ा वैसे ही इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची। ट्रक की जब तलाशी ली तो पता चला कि आरोपियों द्वारा मवेशियों को छलनी लगाकर मवेशियों को हाथ पैर बांधकर भरा था। ट्रक से कुल 40 नग बरामद हुए है। जिसमें 7 मवेशियों की दम घूटने से मौत हो गई है। पुलिस ने गौवंश की तस्करी करने वाले ट्रक चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि जिस आरोपी को गौवंश की तस्करी करते हुए पकड़ा है उसे राष्ट्रीय हिन्दू सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा कुछ दिन पहले आठनेर क्षेत्र में पकड़ा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गौवंश तस्करी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में एएसआई राज पहाड़े, मुकेश ठाकुर, आरक्षक संतोष चौरे, राजकुमार रघुवंशी, राष्ट्रीय हिन्दू सेना के जिला प्रभारी सुरेश राठौर, बलराम घिड़ोडे, गौ रक्षा प्रमुख राजा कुंभारे, प्रखंड मंत्री मनोज यादव, गब्बर राठौर सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



