Betul Road Accident : अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई बाईक, दो युवकों की मौत,
बैतूल जिले के चोपना थाना क्षेत्र के ग्राम पूंजी में मंगलवार सुबह हुआ सड़क हादसा
Betul Road Accident : बैतूल के चोपना थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए सडक़ हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाईक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे बने एक भवन की दीवार से टकरा गई। हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोट आने से उनकी मौत हुई है। चोपना थाना प्रभारी रवि शाक्य ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग 9.30 बजे ग्राम पुंजी में बाईक दीवार से टकरा गई। हादसे में बाईक सवार आमदोह निवासी युवक अनुज और हृदय मंडल घायल हो गए। जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रथम दृष्टया तेज एवं लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाने के कारण हादसा होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में बाईक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट के निशान आए थे। जिन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेज दिया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही हादसा कैसे हुआ इसके बारे में और विस्तार से जानकारी मिल पाएगी। एक साथ दो युवकों की मौत से गांव में मातम छाया हुआ है।



