Betul Suspension News : कार्य में लापरवाही, मुख्यालय से अनुपस्थित रहने और ग्रामीणों की शिकायतों पर पटवारी निलंबित
Betul Suspension News: Patwari suspended for negligence in duty, unauthorized absence from headquarters, and complaints from villagers.
Patwari Shweta Panwar Suspended: बैतूल मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम दुनावा में आयोजित शिविर में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के दौरान राजस्व विभाग से संबंधित प्रकरणों में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम सोनेगांव पटवारी हल्का नंबर 65, तहसील मुलताई की पटवारी श्रीमती श्वेता पंवार को कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
तहसीलदार मुलताई द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन 7 अगस्त 2026 के आधार पर की गई कार्रवाई में बताया गया कि समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित पटवारी द्वारा इन मामलों में अपेक्षित कार्यवाही नहीं की गई तथा कलेक्टर के समक्ष भी संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा फौती नामांतरण जैसे प्राथमिकता वाले प्रकरणों की समय पर जांच नहीं करने तथा राजस्व अभिलेखों को अद्यतन रखने के दायित्व का समुचित निर्वहन नहीं करने की बात भी सामने आई।
ग्रामीणों द्वारा लिखित शिकायतें भी प्रस्तुत की गई थीं। मुख्यालय पर अनुपस्थिति एवं फोन नहीं उठाने के कारण ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र सहित आवश्यक प्रकरणों में रिपोर्ट एवं हस्ताक्षर समय पर नहीं होने से आमजन के कार्य प्रभावित होने की शिकायत भी सामने आई।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत में भी आवेदकों द्वारा पटवारी के गैर-जिम्मेदाराना रवैये और फोन नहीं उठाने की पुष्टि की गई। इन मामलों को पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम, 1966 के नियम 9 के तहत अनुविभागीय अधिकारी मुलताई द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि में श्रीमती श्वेता पंवार का मुख्यालय तहसील कार्यालय प्रभातपट्टन निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही उन्हें अपना संपूर्ण शासकीय प्रभार एवं अभिलेख तत्काल श्री गौरव खाड़े, पटवारी ग्राम सिपाया, पटवारी हल्का नंबर 66, तहसील मुलताई को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।



