Betul Crime News : अग्निवीर में चयनित युवक की हत्या मामले में पुलिस के हाथ खाली, एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
Betul Crime News: Police empty-handed in the murder case of a youth selected for the Agniveer scheme; SP inspects the crime scene.
Betul Crime News : बैतूल के आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम पुसली में एयरफोर्स में चयनित युवक की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ खाली है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से मुलाकात की है।पुलिस अधिकारियों को घटना का जल्द खुलासा करने और आरोपीयो को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए है।पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पर उपलब्ध परिस्थितियों एवं अब तक संकलित साक्ष्यों का बारीकी से अवलोकन कर विवेचना अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

उल्लेखनीय है कि फरियादी मंचित पिता महादेव गलफट निवासी ग्राम पुसली द्वारा थाना आठनेर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनका पुत्र मोहित गलफट 25 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 8:30 बजे मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर थाना आठनेर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी आठनेर निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
कुँए में मिला था शव
गुमशुदा युवक की तलाश के दौरान खेतों एवं आसपास के सभी कुओं की जांच की गई जहां गुमशुदा बालक का जूता एवं मोबाइल अलग-अलग स्थान में प्राप्त हुआ। मामला संदिग्ध प्रकृति का होने एवं प्रकरण की गंभीरता देखते हुए थाना प्रभारी आठनेर द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया।
जांच के लिए पुलिस टीम गठित
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एसडीओपी भैंसदेही श्री भूपेंद्र सिंह मौर्य, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट आबिद अंसारी तथा फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
एसडीआरएफ की टीम द्वारा कुएं में सर्च ऑपरेशन चलाकर मृतक का शव बरामद किया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए तथा वैधानिक कार्यवाही उपरांत शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आपको बता दे कि मोहित का अग्निवीर से एयरफोर्स चयन हुआ था।
युवक के गले मे एल्यूमिनियम केबल कसी थी
प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के गले में एल्यूमिनियम केबल कसी हुई पाई गई, जिससे मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हुआ। आशंका है कि अज्ञात आरोपी द्वारा हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को कुएं में फेंका गया। पुलिस द्वारा विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से विवेचना की जा रही है तथा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने थाना प्रभारी आठनेर को निर्देश दिए हैं कि प्रकरण की त्वरित एवं निष्पक्ष विवेचना करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी संभावित बिंदुओं पर गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन ने आमजन से अपील की है कि यदि इस घटना के संबंध में किसी व्यक्ति के पास कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी, संदिग्ध गतिविधि अथवा उपयोगी साक्ष्य हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर विश्वास न करने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने से बचने की भी अपील की है। पुलिस इस गंभीर प्रकरण के शीघ्र एवं निष्पक्ष खुलासे के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।



