Betul Police Suspended News : कोर्ट के आदेश की अनदेखी पड़ी भारी, थाना प्रभारी और आरक्षक को किया निलंबित
Betul Police Personnel Suspended: Disregarding court order proves costly; Station In-charge and constable suspended.
Betul News : बैतूल न्यायालय के आदेशों की अवहेलना और गंभीर लापरवाही के मामले में पुलिस अधीक्षक बैतूल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैतूल बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना धुर्वे और आरक्षक क्रमांक 675 लीलाधर डोंगरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, मामला एक महिला संबंधी गंभीर प्रकरण से जुड़ा है, जिसकी सुनवाई न्यायालय में लंबित है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर ने 25 जून 2026 को आदेश जारी कर पूछा था कि पिछले एक वर्ष से अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान क्यों नहीं हो सके और गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए क्या कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आई गंभीर लापरवाही
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद एसडीओपी बैतूल सुनील लाटा से जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि न्यायालय से जारी समन की विधिवत तामील नहीं कराई गई। थाना प्रभारी द्वारा समन तामील कराने में अपेक्षित रुचि नहीं ली गई, जबकि आरक्षक लीलाधर डोंगरे ने भी गवाहों के घर जाकर समन तामील कराने, परिवारजनों को सूचना देने तथा आवश्यक रिकॉर्ड संधारित करने की प्रक्रिया का पालन नहीं किया।
न्यायालय के आदेश की अवहेलना
जांच रिपोर्ट में दोनों पुलिसकर्मियों की ओर से न्यायालय के आदेशों की अनदेखी और अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही को प्रथम दृष्टया सिद्ध माना गया।
तत्काल प्रभाव से निलंबन
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र बैतूल संबद्ध कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा तथा बिना वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। साथ ही रक्षित केंद्र की नियमित गणना/परेड में उपस्थित रहना होगा।



