Betul Crime News : 9 लाख की लूट का खुलासा: बोरदेही पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा, मास्टरमाइंड अब भी फरार
Betul Crime News: 9 lakh robbery case solved: Bordehi police nabs 5 accused, mastermind still absconding

Betul Crime News: बैतूल बोरदेही थाना क्षेत्र में 20 मई को हुई 9 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आईसीआईसीआई बैंक आमला से 9 लाख रुपये निकालकर बोरदेही लौट रहे प्रदीप झरबड़े को बदमाशों ने ग्राम नरेरा और देहलवाड़ा के बीच सुनसान सड़क पर निशाना बनाया था। बाइक सवार तीन आरोपियों ने पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंका, फिर चाकू की नोक पर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह तथा डीएसपी दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामकुमार उर्फ मोहित, गोविंद टांडेकर, शिवराम उर्फ नान्हू, दुर्गेश सोनवंशी और कमलेश उर्फ मनीष को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी छिंदवाड़ा जिले के निवासी हैं।
आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा लूट की रकम से खरीदी गई दो नई मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस का कहना है कि शेष राशि की बरामदगी और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
मामले का मुख्य आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने बताया गया है, जो एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और जुआ एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह थाना नवेगांव का निगरानी बदमाश भी है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने मामले का सफल खुलासा करने वाली टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। बोरदेही, आमला, नवेगांव, जुन्नारदेव और साइबर सेल की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।



