MP Weather Alert : मध्यप्रदेश में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में आंधी-बारिश और लू का अलर्ट जारी
MP Weather Alert: Weather changes in Madhya Pradesh, storm, rain and heat wave alert issued in many districts.
MP Weather Alert : मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी, गरज-चमक, तेज हवाओं और लू को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, वहीं कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी और गर्म रातें लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
वहीं सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में धूलभरी आंधी, वज्रपात और 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ तीव्र लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
दतिया और भिंड जिलों में भी तेज हवाओं के साथ उष्ण लहर का असर देखने को मिल सकता है। सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, उमरिया, कटनी और मैहर जिलों में तीव्र लू चलने की संभावना है।
छिंदवाड़ा, जबलपुर और मंडला जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ग्वालियर, मुरैना और श्योपुरकलां जिलों में भी आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, शिवपुरी और नरसिंहपुर सहित कई जिलों में उष्ण लहर का असर बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।



