MP News : मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में, नौगांव और खजुराहो में तापमान 46 डिग्री पर पहुँचा
MP News: Madhya Pradesh reels under intense heat, with temperatures reaching 46 degrees in Naugaon and Khajuraho.
MP News : मध्य प्रदेश में तेज गर्मी पड़ रही है। नौगांव और खजुराहो में तापमान 46 डिग्री पर पहुंच गया है। आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने दतिया, भिंड, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुरकलां, सतना, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर में लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
शनिवार का अधिकतम तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान (°से.) |
|---|---|
| बैतूल | 43.0°C |
| भोपाल | 44.0°C |
| दतिया | 45.3°C |
| धार | 44.1°C |
| गुना | 44.5°C |
| ग्वालियर | 43.7°C |
| नर्मदापुरम | 42.6°C |
| इंदौर | 44.3°C |
| खंडवा | 45.1°C |
| खरगोन | 44.2°C |
| पचमढ़ी | 35.2°C |
| रायसेन | 44.4°C |
| राजगढ़ | 45.5°C |
| रतलाम | 45.4°C |
| शाजापुर | — |
| श्योपुर | 45.0°C |
| शिवपुरी | — |
| उज्जैन | 44.0°C |
| छिंदवाड़ा | 43.2°C |
| दमोह | 44.8°C |
| जबलपुर | 44.2°C |
| खजुराहो | 46.8°C |
| मंडला | 44.0°C |
| नरसिंहपुर | 43.0°C |
| नौगांव | 46.0°C |
| रीवा | 44.5°C |
| सागर | 44.7°C |
| सतना | 44.8°C |
| सिवनी | 41.6°C |
| सीधी | — |
| टीकमगढ़ | 44.0°C |
| उमरिया | 43.6°C |
| मलांजखंड | 42.0°C |
बैतूल में 20 दिन बाद फिर 43 डिग्री पर पहुंचा तापमान, भीषण गर्मी से लोग बेहाल
सतपुड़ा की वादियों में बसे बैतूल जिले में इन दिनों भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में दूसरी बार है। इससे पहले 27 अप्रैल को तापमान 43 डिग्री तक पहुंचा था। करीब 20 दिन बाद एक बार फिर तेज गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
सुबह से ही सूरज की तेज किरणें लोगों को झुलसाने लगती हैं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है, क्योंकि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। शाम 5 बजे तक सूरज की तपिश और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करती रहती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान की ओर से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।
इधर, 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है। नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। यदि मौसम में बदलाव नहीं हुआ तो नौतपा के दौरान तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ने की संभावना है।



