Betul Crime News : बैतूल में जंगल में रास्ता रोककर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
Betul Crime News: Gang involved in robbery by blocking the way in the forest in Betul exposed, 4 accused arrested

Betul Crime News: बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जंगल में रास्ता रोककर लूट की वारदात करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने लूटी गई संपत्ति सहित ₹35 हजार नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में आठनेर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
घटना का विवरण
19 अप्रैल 2026 की सुबह उमरवानी निवासी अमन आरसे (19) अपने साथी सोहन कुमरे के साथ पिकअप वाहन से चार बैल लेकर चांदूर बाजार जा रहा था। हीरादेही रोड के जंगल क्षेत्र में 7-8 अज्ञात लोगों ने पत्थर रखकर रास्ता रोका और दोनों के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने अमन को मोटरसाइकिल से और उसके साथी को पिकअप सहित जंगल में ले जाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों ने पिकअप के चार पहिए बदल लिए, चार बैल लूट लिए और पीड़ित के भाई से ₹35 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
गिरफ्तार आरोपी (नाम व पता)
- पिंकेश पिता धनु बछले (24 वर्ष), निवासी ग्राम मोराड, थाना आठनेर, जिला बैतूल
- राजू पिता अमरलाल गोहे (24 वर्ष), निवासी ग्राम अजबगढ़, चौकी मासोद, थाना आठनेर, जिला बैतूल
- अजय आठोले पिता बलदेव आठोले (25 वर्ष), निवासी ग्राम खड़ेगांव, थाना अंजनगांव, जिला अमरावती (महाराष्ट्र)
- अरुण गोहे पिता संतोष (23 वर्ष), निवासी ग्राम अजबगढ़, चौकी मासोद, थाना आठनेर, जिला बैतूल
बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 पिकअप वाहन, 1 मोटरसाइकिल, 4 बैल एवं ₹35,000 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पिंकेश बछले के खिलाफ पूर्व में गोवंश तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।



