Betul News : बैतूल में 25 वैध कॉलोनियों के लिए नए नियम लागू, देखिये वैध कालोनियों की सूची
Betul News: New rules implemented for 25 legal colonies in Betul, see the list of legal colonies
Betul News : नगर पालिका परिषद बैतूल ने शहर की 25 वैध कॉलोनियों के संचालन और विकास को व्यवस्थित करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश 4 अप्रैल 2026 को जारी प्रेस नोट के माध्यम से लागू किया गया है।
नगरपालिका के अनुसार, प्रत्येक वैध कॉलोनी में रजिस्टर्ड समिति का गठन अनिवार्य होगा। इस समिति में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित कुल 11 सदस्य होंगे, जो कॉलोनी के रखरखाव और व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार रहेंगे।
नए नियमों के तहत कॉलोनी में सड़कों, पार्कों, नालियों, जल व्यवस्था और सामुदायिक संपत्तियों जैसे मंदिर, गार्डन और क्लब हाउस का रखरखाव समिति द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी प्रकार का निर्माण या परिवर्तन नगर पालिका की अनुमति के बिना नहीं किया जा सकेगा।
सबसे अहम निर्देश ओपन लैंड/ओपन स्पेस को लेकर जारी किए गए हैं। नगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि कॉलोनाइजर द्वारा छोड़ी गई खुली जमीन नगर पालिका की संपत्ति है। इस जमीन पर अवैध निर्माण, धार्मिक स्थल, टेंट, गुमटी या अन्य किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अवैध माना जाएगा और संबंधित व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाएगी।
यदि कॉलोनी में किसी प्रकार का विवाद या शांति भंग की स्थिति उत्पन्न होती है, तो समिति अध्यक्ष/सचिव को इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका को देनी होगी। आवश्यक होने पर पुलिस की मदद भी ली जाएगी।
इसके अलावा कॉलोनियों में वसूले जाने वाले मेंटेनेंस शुल्क का उपयोग पारदर्शी तरीके से करना होगा। समिति को हर तीन महीने में आय-व्यय का ऑडिट कराकर रिपोर्ट नगर पालिका को प्रस्तुत करनी होगी।
नगर पालिका ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित समिति और जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, कॉलोनियों में अव्यवस्था और अतिक्रमण रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जाएगी।
इस फैसले का उद्देश्य शहर में सुव्यवस्थित विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना बताया गया है।
नगरपालिका द्वारा जारी सूची के अनुसार वैध कॉलोनियों के नाम इस प्रकार हैं—
गणेश कॉलोनी, उदय परिसर, सिद्धि विनायक, देवकी विहार, साईं आशियाना, शारदा नगर, ग्रीन विनायक, बालाजी विहार, रायल रेसिडेंसी, ओम रेसिडेंसी, ग्रीन वैली, न्यू पुष्पक कॉलोनी, उदय परिसर फेस-2, केशव धाम, गायत्री गृह निर्माण, उदय अपार्टमेंट होम, ग्रीन स्टार कॉलोनी, नवजी रेसिडेंसी, प्रगति होम्स, जैन कुंज रेसिडेंसी, प्रो नान्जन बिल्डर्स एंड डेवलपर्स ग्रुप कॉलोनी शामिल है।



