Betul News :केंद्रीय राज्य मंत्री होने के बावजूद बैतूल को होली स्पेशल ट्रेन की सेवा नही, हर त्यौहार पर होती बैतूल की उपेक्षा
Betul News: Despite having a Union Minister of State, Betul does not get the service of Holi special train, Betul is neglected on every festival.
Betul News : होली जैसे बड़े त्यौहार को देखते हुए नागपुर मंडल मध्य रेलवे द्वारा कई होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन इन ट्रेनों का लाभ बैतूल जिले के यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बैतूल रेलवे स्टेशन सहित जिले के किसी भी स्टेशन पर होली स्पेशल ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं दिया गया है, जिससे यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। त्यौहारी सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ने के बावजूद रेलवे की इस अनदेखी को जिलेवासी लगातार उपेक्षा के रूप में देख रहे हैं।होली, दीपावली और अन्य प्रमुख त्यौहारों के दौरान रेलवे अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए विशेष ट्रेनें चलाता है, ताकि यात्रियों को यात्रा में परेशानी न हो। लेकिन बैतूल जिले के यात्रियों को इन सुविधाओं का लाभ शायद ही कभी मिल पाता है। इस बार भी कई होली स्पेशल ट्रेनें विभिन्न रूटों पर संचालित की जा रही हैं, परंतु बैतूल, घोड़ाडोंगरी, आमला और मुलताई जैसे प्रमुख स्टेशनों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है। इससे यात्रियों को मजबूरी में नियमित ट्रेनों में भीड़भाड़ के बीच सफर करना पड़ रहा है।
कई बार रेल मंत्री से मिले सांसद लेकिन लाभ नहीं
जानकारी के अनुसार केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उईके कई बार रेल मंत्री से मुलाकात कर जिले में ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ाने की मांग कर चुके हैं। हर बार रेलवे मंत्रालय की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला, लेकिन अब तक इसका कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्यौहारी सीजन में चलने वाली स्पेशल ट्रेनों के स्टॉपेज को लेकर प्रभावी पहल नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।
रेलवे को मिलता लाखों का राजस्व
बैतूल रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन रेलवे को लाखों रुपए का राजस्व प्राप्त होता है। जिले के विभिन्न स्टेशनों से हजारों यात्री रोजाना यात्रा करते हैं, जिनमें नौकरीपेशा लोग, छात्र और व्यापारिक वर्ग शामिल हैं। इसके बावजूद सुविधाओं का अभाव यात्रियों को परेशान कर रहा है। त्यौहारों के समय टिकटों की भारी मांग के कारण यात्रियों को कन्फर्म सीट नहीं मिलती और कई लोगों को जनरल कोच में खड़े होकर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। जिलेवासियों का कहना है कि जब रेलवे को बैतूल से अच्छा राजस्व प्राप्त हो रहा है, तो त्यौहारी सीजन में कम से कम स्पेशल ट्रेनों का स्टॉपेज दिया जाना चाहिए। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में बैतूल जिले को नजरअंदाज न किया जाए और होली सहित अन्य त्यौहारों पर विशेष ट्रेनों की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इनका कहना….
रेलवे द्वारा चलाई जा रही होली स्पेशल ट्रेन का बैतूल में स्टॉपेज नहीं है।
वीके वाकड़े, स्टेशन मास्टर, बैतूल


