Betul Triple Murder Case : बैतूल में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: बड़े बेटे ने माता-पिता और भाई की ली जान, शवों के पास बैठा मिला आरोपी
Triple murder in Betul: Elder son kills parents and brother, accused found sitting near bodies
Betul Triple Murder Case : बैतूल जिले के कोतवाली थाना के ग्राम सांवगा में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि परिवार का ही बड़ा बेटा निकला। घटना के बाद वह घर का दरवाजा अंदर से बंद कर शवों के पास चुपचाप बैठा मिला।
अंदर का मंजर देख कांप उठे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, यह दिल दहला देने वाली घटना बैतूल जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। गुरुवार दोपहर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए—फर्श और दीवारों पर खून के छींटे थे और तीनों परिजन मृत पड़े थे। घर में एक बिल्ली का शव भी मिला, जिससे घटना की भयावहता और बढ़ गई।
मृतकों की पहचान
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान राजू उर्फ हंसू धुर्वे (55), उनकी पत्नी कमलती धुर्वे (40) और छोटे बेटे दिलीप धुर्वे (20) के रूप में हुई है। तीनों सांवगा गांव के निवासी थे।
आरोपी शवों के पास बैठा मिला
ग्रामीणों ने बताया कि दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर आरोपी दीपक धुर्वे (25) वहीं मौजूद था। वह चुपचाप शवों के पास बैठा मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।
पांच वर्षीय बच्चा गंभीर घायल
घटना में पांच साल का प्रशांत परते गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने उसकी जान लेने की भी कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह बच गया। घायल बच्चे का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मानसिक स्थिति पर उठे सवाल
पड़ोसियों के अनुसार दीपक धुर्वे पिछले चार-पांच वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और हाल ही में नागपुर से इलाज कराकर लौटा था। वह पढ़ाई में मेधावी रहा है—12वीं में टॉप किया था और सीआरपीएफ भर्ती परीक्षा भी दी थी। फिलहाल पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति और घटना के कारणों की जांच कर रही है।



