Betul Accident : दीपावली कि शाम सड़क हादसा, युवक की दर्दनाक मौत, मातम में बदली खुशियां
Betul Accident: Road accident on Diwali evening, tragic death of a young man, happiness turns into mourning
Betul Accident : बैतुल जिले के आठनेर में दीपावली के पर्व पर जहां पूरे जिले में खुशियों का माहौल था, वहीं आठनेर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने जश्न को मातम में बदल दिया। वडली और रगड़गांव के बीच दो बाइकों की टक्कर में 24 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जामठी निवासी विकेश धुर्वे पिता लालसिंह धुर्वे के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार की शाम वह अपनी नानी के घर से लौट रहा था, तभी सामने से आ रही एक बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में विकेश के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों की मदद से घायल को तत्काल आठनेर अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। ICU में भर्ती विकेश ने गुरुवार तड़के दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
आठनेर पुलिस के अनुसार, टक्कर मारने वाला बाइक सवार घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
परिजनों ने बताया कि विकेश अविवाहित था और पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य से जुड़ा था। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दिवाली की खुशियां एक झटके में मातम में बदल गईं।



