MP Road Accident : बैतूल बालाजीपुरम से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की कार कुएं में गिरी, 4 की दर्दनाक मौत
MP Road Accident: Car of devotees returning from Betul Balajipuram falls into a well, 4 die tragically

MP Road Accident : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैतूल से धार्मिक यात्रा कर लौट रही एक कार टेमनी खुर्द के पास स्टेट हाईवे पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने खुले कुएं में जा गिरी। हादसे में कार सवार सात लोगों में से चार की मौत हो गई, जबकि तीन को ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना शाम करीब 6 बजे की है। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु बालाजीपुरम धाम (बैतूल) से दर्शन कर चित्रकूट लौट रहे थे। इसी दौरान कार का टायर फट गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार कुएं में गिर गई। कुआं बिना मुंडेर का था, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन चला, हाईवे पर लगा जाम
हादसे की सूचना मिलते ही सांवरी चौकी प्रभारी मुकेश द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तीन लोगों को जिंदा बाहर निकालकर मोहखेड़ सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायल अब खतरे से बाहर हैं।
चौथे शव को शनिवार सुबह निकाला गया
कुएं में गिरी कार से तीन शव तो शुक्रवार को ही बरामद कर लिए गए थे, लेकिन एक व्यक्ति की तलाश जारी थी। शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे चौथे व्यक्ति का शव भी निकाल लिया गया।
स्थानीय लोगों ने निभाई अहम भूमिका
हादसे के तुरंत बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने बिना देरी किए रेस्क्यू में सहयोग किया, जिसकी वजह से तीन जिंदगियां बचाई जा सकीं। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक बाधित रहा।



