Betul News : गंज के मुख्य मार्ग पर एक ही रात में पांच दुकानों के ताले टूटे , सीसीटीवी में कैद हुए चोर

Betul News: Locks of five shops were broken in one night on the main road of Ganj, thieves were caught on CCTV

Betul News : बैतूल में शुक्रवार रात हुई झमाझम बारिश के बीच गंज क्षेत्र में चोरों ने कहर बरपाया। एक ही रात में चार दुकानों के शटर तोड़े गए, जबकि एक प्रसिद्ध मंदिर को भी निशाना बनाया गया। चोरी की ये घटनाएं न केवल पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं, बल्कि आम नागरिकों में भय का माहौल भी बना रही हैं। एक ही रात में एक साथ हुई इन घटनाओं के बाद लोगों में डर का माहौल देखा जा रहा है। तो दूसरी तरफ चोर पुलिस के लिए नित्य नई चुनोती खड़ी कर रहे हैं। क्योंकि कई पुरानी चोरियों का खुलासा करने में पुलिस नाकाम साबित हुई है।
चोरों ने सबसे पहले गंज क्षेत्र में स्थित वाइन शॉप, मेडिकल एजेंसी, बर्तन दुकान और सिलाई मशीन दुकान को निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार चोरों ने  एसएस साहनी मेडिकल एजेंसी से करीब 50 हजार रुपए और गुप्ता बर्तन भंडार से 15 से 20 हजार रुपए की  नकदी चुराई है, जबकि वाइन शॉप और उषा नेशनल एजेंसी सिलाई मशीन दुकान में चोरी का प्रयास विफल रहा। यहां केवल शटर ही तोड़े गए थे। चोरों की यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चार चोर अलग-अलग दुकानों के आसपास सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। चोर बड़े आराम से चोरी करते और सड़क पर घूमते भी नजर आ रहे हैं। मानो पुलिस का कोई डर ही ना हो। गंज थाना प्रभारी सरविंद धुर्वे के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे में दिख रहे चोर बाहरी क्षेत्र के प्रतीत हो रहे है, इनकी पहचान कर तलाश की जाएगी।
 चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश
चोरी की घटनाओं से व्यापारी वर्ग में रोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती चोरियों से व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां उजागर हो रही हैं। इसके पहले भी गंज क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। कई चोरियों का अभी खुलासा तक नहीं किया जा सका है। इससे व्यापारियों में आक्रोश है। कुछ दिनों पहले व्यापारियों की नाराजगी के बाद पुरानी चौकी को शुरू भी किया है, लेकिन यहां पर पुलिसकर्मी के न रहने से चोरों के हौंसले एक बार फिर बुलंद हो गए। 
हनुमान डोल मंदिर चौथी बार निशाने पर 
जानकारी मिली है कि शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्तिथ प्रसिद्ध हनुमान डोल मंदिर में भी चोरी की घटना हुई। चोरों ने मंदिर की दीवार में सेंध लगाकर अन्दर प्रवेश किया और दानपेटी को तोड़कर उसमें रखी नकदी चुरा ली। श्रद्धालुओं में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि मंदिर को एक साल के भीतर चोरों ने चौथी बार अपना निशाना बनाया है। फिलहाल एक ही रात में पांच अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातें सामने आने से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश तेज कर दी है और इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button