MP News: कल से मध्य प्रदेश में बदल जाएंगे ये जरूरी नियम, आम जनता पर पड़ेगा इसका असर, देखें!

MP News: 1 अप्रैल से मध्य प्रदेश में कई नियमों में बदलाव देखने को मिलेगा। इन नियमों में होने वाले बदलाव का सीधा असर आम जनता के ऊपर पड़ने वाला है। बदलने वाले नियमों में टोल टैक्स, स्कूल सत्र, बिजली बिल और अन्य कई अहम बदलाव शामिल हैं। अप्रैल का महीना सरकारी कर्मचारियों के लिए भी खुशियों से भरा होगा क्योंकि इस महीने में सरकारी कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ मिलेगा।
नए शिक्षण सत्र की होगी शुरुआत (MP News)
मध्य प्रदेश में ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। इस दौरान सभी छात्रों को पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। स्कूल से बाहर रह गए बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। अभिभावकों का स्कूल स्तर पर स्वागत किया जाएगा और कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए विशेष बालसभा आयोजित की जाएगी, जहां उनके लिए विशेष भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी।
कल से राज्य में बढ़ जाएगा बिजली दर
मध्य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने बिजली की दरों में 3.46% की औसत वृद्धि को मंजूरी दे दी है। यह नई दरें 1 अप्रैल 2025 से लागू होंगी। हालांकि, बिजली कंपनियों ने औसत 7.52% तक बढ़ोतरी की मांग की थी, लेकिन आयोग ने इसे आंशिक रूप से स्वीकृति दी।
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
जो उपभोक्ता स्मार्ट मीटर का उपयोग कर रहे हैं, उन्हें सौर ऊर्जा अवधि के दौरान बिजली शुल्क में 20% की छूट दी जाएगी। इसके अलावा, निम्न दबाव (लो टेंशन) और मौसमी उच्च दबाव (हाई टेंशन) उपभोक्ताओं के लिए न्यूनतम शुल्क समाप्त कर दिया गया है।
टोल टैक्स में होगी वृद्धि
1 अप्रैल से नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने टोल दरों में बढ़ोतरी कर दी है। इंदौर-देवास बायपास, मांगलिया और इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर टोल टैक्स बढ़ाया गया है।कार चालकों को अब 65 रुपए की बजाय 100 रुपए देने होंगे।टैक्सी, मिनी बस और हल्के माल वाहनों को 105 रुपए के बजाय 160 रुपए चुकाने होंगे।बस और ट्रकों पर 340 रुपए तक का टोल शुल्क लगेगा।


