Advertisement

Betul Road Accident: अनियंत्रित होकर खेत में घुसी जननी एंबुलेंस, 4 घायल, हादसे के बाद महिला का प्रसव

Betul Road Accident: Janani ambulance went out of control and entered the field, 4 injured, woman delivered after the accident

Betul Road Accident:   बैतूल। जिले के आठनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत चालक की लापरवाही के कारण जननी एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में घुस गई। हादसे में चालक, गर्भवती महिला समेत 4 लोग घायल हो गए। यहां एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घायलों को उपचार के लिए आठनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती किया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक झल्लार क्षेत्र की जननी एंबुलेंस को गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने की सूचना मिली थीं। जननी एंबुलेंस से डुडर निवासी पूनम को प्रसव के लिए आठनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया जा रहा था। ग्राम टेमुरनी के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में चली गई। हादसे में गर्भवती महिला पूनम, वृद्धा सोमती बाई, आशा कार्यकर्ता तिवासी बाई और एंबुलेंस चालक अंकित घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए आठनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती किया है। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। प्रथम दृष्टया यह जानकारी सामने आ रही है कि चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। एंबुलेंस तेज गति से चलाई जा रही थी, जिसके कारण चालक ने एंबुलेंस से नियंत्रण खो दिया और हादसा हो गया।

 — हादसे के बाद महिला का प्रसव

हादसे में घायल गर्भवती महिला को आठनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती किया था। कुछ ही घंटे बाद महिला का प्रसव हो गया। आठनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन आहतकर ने बताया कि गर्भवती महिला को हल्की चोटे आई थी। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ है। उल्लेखनीय है कि एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गनीमत यह रही कि गर्भवती महिला और बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे में एंबुलेंस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। डॉ. आहतकर ने बताया कि हादसे की जांच करेंगे। जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इस हादसे के संबंध में आठनेर पुलिस को कोई जानकारी नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button