Betul Chori News: तीन दुकानों में चोरी की वारदात, तीन दिन में आरोपी नही पकड़ाये तो होगा बैतूल बंद
Betul Chori News: Theft in three shops, if the accused is not caught in three days then Betul will be closed
Betul Chori News: बैतूल जिला मुख्यालय पर लूट, चोरी, डकैती जैसे अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार अलसुबह अज्ञात चोरों ने शहर के व्यवस्तम क्षेत्र में संचालित तीन दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। चोरी की घटना से व्यापारियों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। तीन से चार चोर दुकानों से सामान ले जाते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गंज व्यवसायिक क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने हिरानी एंड संस, भारत कन्फेंसनरी, भारती ट्रेडर्स दुकान के शर्टर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जब दुकान संचालक सुबह 10 से 11 बजे दुकान पहुंचे तो उन्हें शर्टर टूटे मिले। इसकी सूचना तत्काल गंज पुलिस को दी गई। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अज्ञात चोरों ने दुकानों से नगदी सहित सामान पर हाथ साफ कर दिया। तीनों दुकानें व्यस्तम मार्ग से लगी है। इसके बावजूद चोरों ने आसानी से चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों के हौंसले कितने बुलंद है। चोरों को पुलिस का जरा भी भय नहीं दिख रहा है। दुकान संचालकों को कहना है कि चोरी की घटना में क्या सामान लेकर गए हैं, दुकान चेक करने के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी। चोरी की घटना की सूचना मिलते ही व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप खंडेलवाल, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हेमंत वागद्रे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरूण गोठी सहित कई लोग मौके पर पहुंच गए थे। सभी ने चोरी की घटना को लेकर अपना आक्रोश जताया।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोरी
चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अज्ञात तीन से चार चोर पहले रेकी करते हैं और उसके बाद चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। सीसीटीवी फुटेज में चोर दुकानों से सामान ले जाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। चोरों के हौंसले इतने बुलंद है कि वे बिना मास्क पहने ही चोरी की घटना को अंजाम देते दिख रहे हैं। चोरी की घटना सुबह 4.58 बजे की है। चोरों ने पुलिस गश्त बंद होने के बाद घटना को अंजाम दिया। जिन दुकानों में चोरी हुई है उनके सामने वाला मार्ग से चौबीस घंटे आवाजाही बनी रहती है। रेलवे स्टेशन पर रात भर आवाजाही बनी रहती है। जिन दुकानों में चोरी हुई है यह सभी दुकानें बेसमेंट में बनी हैं जिसके कारण चोरों ने आसानी से चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। किसी को भनक तक नहीं लग सकी।
एफएसएल की टीम ने लिए फिंगर प्रिंट

चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही एफएसएल की टीम भी डॉग के साथ पहुंच गई थी। पुलिस ने डॉग की सहायता से चोरी की घटना को ट्रेस करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। मौके से पुलिस ने फिंगर प्रिंट भी लिए हैं। पुलिस का कहना है कि चोरी को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिंगर प्रिंट और सीसीटीवी कैमरों और अन्य संसाधनों के माध्यम से चोरों का पता लगाया जाएगा।
वारदातों को रोकने पुलिस नाकाम
शहर में बढ़ती वारदातों को रोकने के लिए पुलिस नाकाम साबित हो रही है। इसके पहले कोतवाली थाना क्षेत्र में दो लूट की घटनाएं हुई। इस दोनों घटनाओं का पुलिस अभी खुलासा नहीं कर पाई कि गंज क्षेत्र में तीन दुकानों को चोरों ने निशाना बना दिया। कई बार व्यापारियों ने पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की, लेकिन न तो पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ पाई और न ही चोरी की घटनाएं रूक पाई। अब पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं।
उचित कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे बंद करेंगे बैतूल
बैतूल बंद चोरी की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने कहा कि यदि तीन दिन के भीतर चोरी की घटना का खुलासा नहीं हुआ तो बैतूल बंद किया जाएगा। श्री वागद्रे ने कहा कि वर्तमान में पुलिस विभाग में जो खाने-पीने और इंज्वाय करने वाले अधिकारी हैं उन्हें जिले से बाहर किया जाए। ऐसे पुलिसकर्मियों के कारण बदमाशों में पुलिस का जरा भी डर नहीं है। जिले में सट्टा, जुआ खुलेआम चल रहा है। थाने और अधिकारी दलालों के चुंगल में फंसे हैं पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है।



