Betul Farmers Blocked Roads: सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से नाराज किसानों ने किया चक्का जाम
Farmers Blocked Roads: Angry farmers blocked roads due to not getting enough electricity for irrigation
Betul Farmers Blocked Roads: बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी में बिजली कार्यालय घोड़ाडोंगरी के सामने बैतूल परासिया स्टेट हाईवे एवं घोड़ाडोंगरी सारणी मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे किसानों ने बिजली की समस्या को लेकर सड़क जाम कर दी। इसके चलते बैतूल परासिया स्टेट हाईवे एवं घोड़ाडोंगरी सारणी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर घोड़ाडोंगरी, सारणी, रानीपुर थाने एवं बैतूल से पुलिस बल पहुंच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली विभाग की लापरवाही और मनमानी के चलते किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि गेहूं की बोवनी सहित खेतों की सिंचाई किये जाने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त बिजली की सप्लाई बिजली विभाग द्वारा नहीं दी जा रही है।
सरकार के वायदे के मुताबिक किसानों को 8 घण्टे बिजली दिए जाने का दावा चुनावों में किया गया था, लेकिन चुनाव के बाद यह दावे झूठे साबित हो रहे हैं। वर्तमान में किसानों को मात्र 6 घंटे ही बिजली की सप्लाई दी जा रही है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में लो वोल्टेज के चलते पानी की मोटरें नहीं चल पा रही हैं। किसान अपने खेतों की सिंचाई तक नहीं कर पा रहे हैं। जिसका असर यह पड़ रहा है कि खेतों में लगी गेहूं और चने की फसलें सूख कर नष्ट होने की कगार पर पहुंच गई हैं। किसान सड़क पर बैठकर अधिकारियों को मौके पर ही बुलाए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं। खबर लिखे जाने तक किसान सड़क पर ही धरना देकर बैठे हुए थे। इधर पुलिस किसानों को समझाईस दे रही थी पर किसान मानने के लिए तैयार नहीं थे। प्रदर्शन में घोड़ाडोंगरी, जुवाड़ी, मेहकार, कुही, छुरी, कोयलारी, अनकावाड़ी, आमढाना, बिसलदेही, मायावानी सहित अन्य गांव के करीब 1000 किसान शामिल हैं।



