Operation Little Angels News: ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत 8 महीने में आरपीएफ ने 858 बच्चों को बचाया
Operation Little Angels News: RPF saved 858 children in 8 months under Nanhe Farishte campaign
Operation Little Angels News: रेलवे सुरक्षा बल को रेलवे संपत्ति, यात्री क्षेत्र और यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह संगठन “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत बच्चों को बचाने की जिम्मेदारी भी निभा रहा है। जनसंपर्क विभाग, मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई द्वारा जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि मध्य रेल, अप्रैल 2023 से नवंबर 2023 तक यानी “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत मध्य रेल के रेलवे स्टेशन प्लेटफार्मों से, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गवर्नमेंट रेलवे पुलिस और अन्य फ्रंटलाइन रेलवे कर्मचारी के सहयोग से 858 बच्चों को बचाया है। इसमें 591 लड़के और 267 लड़कियां शामिल हैं और चाइल्डलाइन जैसे गैर सरकारी संगठनों की मदद से उन्हें उनके माता-पिता से मिलाया गया। बच्चे अपने परिवार को बिना बताए, किसी झगड़े या कुछ पारिवारिक मुद्दों के कारण या बेहतर जीवन या शहर की चकाचौंध आदि की तलाश में रेलवे स्टेशन पर आते हैं, उन्हें प्रशिक्षित आरपीएफ कर्मी ढूंढते हैं। ये प्रशिक्षित आरपीएफ कर्मी बच्चों से जुड़ते हैं, उनकी समस्याओं को समझते हैं और उन्हें अपने माता-पिता से दोबारा मिलने के लिए सलाह देते हैं। कई माता-पिता रेलवे की इस नेक सेवा के लिए अपनी गहरी कृतज्ञता और आभार व्यक्त करते हैं।
मध्य रेल पर अप्रैल से नवंबर 2023 तक बचाए गए बच्चों का मंडलवार-वार ब्यौरा इस प्रकार है
मध्य रेल के मुंबई मंडल ने सबसे ज्यादा 252 बच्चों को बचाया, जिनमें 157 लड़के और 95 लड़कियां शामिल हैं.
भुसावल मंडल ने 148 लड़कों और 90 लड़कियों सहित 238 बच्चों को बचाया। पुणे मंडल ने 198 लड़कों और 8 लड़कियों सहित 206 बच्चों को बचाया। नागपुर मंडल ने 58 लड़कों और 53 लड़कियों सहित 111 बच्चों को बचाया। सोलापुर मंडल ने 30 लड़कों और 21 लड़कियों सहित 51 बच्चों को बचाया।



