Betul CM Shivraj Singh Chauhan News: उज्जैन महाकाल की तर्ज पर मुलताई में भव्य बनेगा ताप्ती लोक: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
Betul CM Shivraj Singh Chauhan News: उज्जैन महाकाल की तर्ज पर मुलताई में भव्य बनेगा ताप्ती लोक: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
Betul CM Shivraj Singh Chauhan News: मुलताई ताप्ती मैय्या जीवन रेखा है। मां ताप्ती के दर्शन मात्र से ही मन पवित्र हो जाता है और ताप्ती में नहाने से मोक्ष मिलता है। मैंने मुलताई में आते ही सबसे पहले मां ताप्ती के दर्शन कर पूजा अर्चना की। मुलताई में उज्जैन महाकाल लोक की तर्ज पर मां ताप्ती लोक का भव्य निर्माण किया जाएगा। ताप्ती लोक निर्माण में पैसे की कभी कमी नहीं आने दूंगा। यह बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुलताई के हाईस्कूल ग्राउंड में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। मुलताई में आयोजित चुनावी सभा में सांसद दुर्गादास उईके, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला, मुलताई विधानसभा के भाजपा प्रत्याशित चन्द्रशेखर देशमुख, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे। सभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने पारसडोह जलाशय बनने के बाद मुलताई क्षेत्र में सिंचित रकबे में बढ़ोत्तरी हुई है। मुझे चन्द्रशेखर देशमुख ने बताया कि पारसडोह जलाशय से पानी के लिए वंचित रह गए है। उन किसानों के खेतों में सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा। किसानों को चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। कांग्रेस ने कभी किसानों के हित में कोई काम नहीं किया। कांग्रेस ने सिंचाई की व्यवस्था को लेकर कभी सोचा ही नहीं। मुलताई क्षेत्र में पारसडोह डेम सहित जितने भी डेम बने है वह भाजपा सरकार द्वारा बनाए गए है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में मुलताई विधानसभा की जनता से कहा कि चन्द्रशेखर देशमुख को भारी मतों से विजयी बनाए।
कमलनाथ हमेशा रोते रहते है: शिवराज
मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि मैंने जनहित में कई योजनाएं बनाई है। जिसका लाभ प्रदेश की सारी जनता को मिल रहा है। योजनाओं के कारण पैसा भी अधिक खर्च हो रहा है। मेरे द्वारा चलाई गई योजनाओं को देखते हुए कमलनाथ हमेशा रोते रहते है और कहते है कि शिवराज ने खजाना खाली कर दिया और जनता को सारे पैसे लूटा दिए है। शिवराज ने कहा कि कमलनाथ कितना भी रोए मैं पैसे की कभी कमी नहीं आने दूंगा और मध्यप्रदेश के विकास में कोई कोर कसर नहीं रहेगी। पैसों की कमी को लेकर कमलनाथ हमेशा रोते रहते है, ऐसे रोने वाले नेता को जनता कभी मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगी।
लाड़ली बहना योजना दुनिया की सबसे अच्छी योजना
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बहनों के लिए लाड़ली बहना योजना की शुरूआत की है। यह योजना दुनिया की सबसे बड़ी और अच्छी योजना है। इस योजना के तहत लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1250 रूपए राशि दी जा रही है। इस राशि को धीरे-धीरे बढ़ाकर 3 हजार रूपए तक किया जाएगा। सरकार ने लाड़ली बेटी योजना की शुरूआत की है। इस योजना के तहत प्रदेश की 46 लाख बेटियां लाभन्वित हुई है। मुख्यमंत्री बुधवार को लगभग ढाई बजे मुलताई पहुंचे। हेलीपेड पर भाजपा के जिलाध्यक्ष बबला शुक्ला और मुलताई विधानसभा के भाजपा प्रत्याशित चन्द्रशेखर सहित अन्य भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। हेलीपेड से मुख्यमंत्री से सीधे ताप्ती उद्गम स्थल पहुंचे, जहां मां ताप्ती की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे सभा स्थल पहुंचे। अपना उद्बोधन शुरू करने के पहले बेटियों के पांव पखारकर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री की इस चुनावी सभा में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी चन्द्रशेखर देशमुख को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की है।



