Betul: मुलताई में सीआरपीएफ जवान के सूने आवास में चोरी

बैतूल। मुलताई के ड्रीम लैंड सिटी में सीआरपीएफ जवान के सूने आवास पर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चोरी को अंजाम दिया है। घर से जेवरात सहित नगदी पर हाथ साफ किए है।
जानकारी मिलते ही मुलताई थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जायजा लिया। उपनिरीक्षक नीरज खरे ने बताया कि ड्रीम लैंड सिटी निवासी कृपाशंकर साहू सीआरपीएफ जवान है। 6 मार्च को मां का निधन होने पर वे परिवार सहित अपने पैतृक गांव नरखेड़ गए थे, घर पर कोई मौजूद नहीं था। अज्ञात चोरों ने सूने आवास पर धावा बोलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
शनिवार सुबह जब दूध वाला दूध लेकर पहुंचा तो उसे मकान के ताले टूटे दिखाई दिए तो इसकी जानकारी तत्काल कृपा शंकर साहू को दी। जब परिजन घर पहुंचे तो पता चला कि घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा था और घर में रखा सामान बिखरा मिला। घर में रखी आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए और नगदी हाथों पर भी हाथ साफ किए। इस चोरी की घटना में लगभग तीन लाख रूपये का नुकसान होना बताया जा रहा है। शनिवार दोपहर को मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों और एफएसएल की टीम ने निरीक्षण कर फिंगर प्रिंट लिए है। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व में भी ड्रीम लैंड सिटी में कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी है। अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।



