Betul Murder News: बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर उतारा मौत के घाट: आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर

बैतूल। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भिलवाटेक में घरेलू विवाद के कारण बड़े भाई ने छोटे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना की जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। मृतक का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। हत्या करने वाला आरोपी घटना के बाद से फरार है। कोतवाली थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि भिलवाटेक निवासी रमेश पिता पिरमू उईके (32) की बड़े भाई कुंदन उईके ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना मंगलवार सुबह 7 बजे की है। परिजन रमेश को लहुलुहान हालत में जिला अस्पताल लेकर आए, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। घरेलू विवाद के चलते हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद सामने आई है। बताया जा रहा है कि रमेश भोपाल में मजदूरी करता था। वह होली पर्व के के लिए अपने गांव भिलवाटेक आया। भाई कुंदन से विवाद हो गया, विवाद इतना बढ़ गया कि कुंदन ने छोटे भाई रमेश पर कुल्हाड़ी से कई बार हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी कुंदन झगडिय़ा में अपनी पत्नि के साथ रहता था। पत्नि से विवाद के बाद वह भिलवाटेक आकर अपने भाई फुंदन के पास रहता था। कोतवाली पुलिस ने आरोपी कुंदन के खिलाफ धारा 302 का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस ने गांव में ही दबिश दी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।



