Betul: युवक का रेलवे पटरी पर मिला शव: घटना के कुछ घंटे पहले प्रेमिका के साथ फेसबुक पर डाली थी फ़ोटो

बैतूल। सदर क्षेत्र में रेलवे ट्रेक पर एक युवक का ट्रेन से कटा शव मिला है। मृतक की शिनाख्त चांदू निवासी नकूल धुर्वे (22) के रूप में हुई है। घटना के पहले युवक ने प्रेमिका के साथ फेसबुक पर फोटो अपलोड की थी। परिजनों ने युवक की हत्या होने की आशंका जताई है। कोतवाली थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि आज सुबह सदर क्षेत्र रेलवे टे्रेक पर एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। मृतक की पहचान नकूल धुर्वे के रूप में की है। मृतक की गांव में ही पान की दुकान है और वह बुधवार को सामान खरीदने का कहकर घर से निकला था। गुरूवार सुबह युवक का शव रेलवे पटरी पर मिला है।
युवती के साथ था प्रेम प्रसंग
जानकारी के मुताबिक मृतक का एक युवती के साथ कई वर्षो से प्रेम प्रसंग था। युवक युवती की मदद भी करते रहता था। घटना के कुछ घंटे पहले युवक ने अपने फेसबुक पर प्रेमिका के साथ वाली फोटो अपलोड की गई। फोटो अपलोड करने के बाद प्रेमिका के साथ विवाद होने की संभावना जताई जा रही है। विवाद के चलते युवक की मौत होने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि युवक ने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या हुई है। अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि कल युवती के परिजनों का फोन आया था और वे पूछ रहे थे कि नकूल कहा है। उस समय युवती भी बैतूल में ही होने की जानकारी सामने आई है। मामला पूरा संदिग्ध बना हुआ है। पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर इस मामले की जांच करने की मांग की गई। जांच के बाद ही मौत का कारण सामने आएंगा।
इनका कहना…
चांदू के एक युवक का शव रेलवे ट्रेक पर मिला है। प्रेम प्रसंग के चलते मौत होने की जानकारी सामने आई है। जांच के बाद ही मौत का कारण सामने आएगा।
अजय सोनी कोतवाली थाना प्रभारी बैतुल

