Betul: ताप्ती नदी में माँ और दो बच्चों की पानी मे डूबने से मौत, नहाते समय हादसा
बैतूल जिले के भीमपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत झाकस के उमरघाट से सटी ताप्ती नदी में एक साथ दो मासूमों और उनकी मां की पानी मे डूबने से मौत हो गई। हादसे से पूरे गांव में मातम छाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम उमरघाट के राज पिता गेंदालाल उम्र 5 वर्ष और राम पिता गेंदालाल उम्र 3 वर्ष अपनी मां फूलमा पति गेंदालाल कवड़े उम्र 36 वर्ष के साथ रविवार दोपहर एक बजे के लगभग ताप्ती नदी में नहाने गए थे। वहां पर नदी में नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए। इसके बाद बच्चे डूबने लगे।
बच्चों को डूबते देखा तो मां फूलमा बाई अपनी जान की परवाह किए बगैर उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गई। हालांकि वह न बच्चों को बचाने में सफल हो सकी और न ही खुद को बचा सकी। तीनों की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सोमवार को तीनों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद पंचनामा बनाकर शवों को पीएम के लिए भेजा। पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किए गए। एक साथ 2 बच्चों और मां की मौत से गांव और क्षेत्र में शोक का माहौल है।



