Betul: दो प्रेमियों के चक्कर मे विवाद: किशोरी ने कुएं में लगाई छलांग, दो युवकों पर FIR दर्ज
बैतूल- जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र के एक गाँव की 17 वर्षीय किशोरी का दो युवकों से प्रेम प्रसंग था। दो प्रेमियों के आपसी विवाद में किशोरी ने कुएं में छलांग लगा दी। ग्रामीणों की मदद से किशोरी को कुएं से बाहर निकालकर जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। इस दौरान कार में सवार होकर आए पांच में से दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। यहां मौजूद भीड़ ने युवकों की कार में भी तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद दोनों युवकों को डायल-100 को सौंप दिया। अब इस मामले की बोरदेही पुलिस जांच कर रही है।
किशोरी के घर पहुंचकर किया हंगामा
बोरदेही पुलिस के मुताबिक 17 वर्षीय किशोरी का मुलताई के 2 युवकों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को दोपहर अचानक दोनों प्रेमी कार में सवार होकर तीन अन्य मित्रों को लेकर किशोरी के गाँव पहुंच गए। दोनों युवकों ने किशोरी के घर पहुंच कर हंगामा कर मारपीट की है। युवकों ने कहना था कि किशोरी दोनों में से किससे प्यार करती है। इसका आज खुलासा हो ही जाना चाहिए। माता-पिता के सामने दोनों युवकों की हरकत से परेशान होकर किशोरी घर से निकल गई। इस बीच दोनों प्रेमी भी अपने मित्रों के साथ कार से उसका पीछा करने लगे। इसी दौरान वह गांव के एक कुएं में जाकर छलांग लगा दी।
किशोरी की ग्रामीणों ने बचाई जान
किशोरी के कुएं में कूदने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुँच गए । ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी को कुएं से बाहर निकाला और जान बचा ली। ग्रामीणों ने कार से पीछा करने वाले 5 में से 2 युवकों को पकड़कर जमकर पिटाई करना शुरू कर दिया। उनकी कार में भी ग्रामीणों ने तोड़फोड़ कर दी। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने डायल-100 को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया ।
युवकों पर मामला दर्ज किया
बोरदेही थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर ने बताया कि पूरा प्रेम—प्रसंग से जुड़ा हुआ है। दोनों युवक मुलताई से किशोरी के गाँव पहुँचे और परिजनों के सामने हंगामा करने लगे थे। इससे परेशान होकर किशोरी ने भागकर कुएं में छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि किशोरी को चोट लगी है। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दोनों प्रेमी उदय और नितेश को हिरासत में ले लिया गया हैं। तीन अन्य युवक मौके से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने पकड़े गए युवको के खिलाफ मारपीट का मामला दर्जन किया है।



