चिकित्सकों ने निक्षय मित्र बनकर 6 मरीजों को वितरित की पोषण आहार बास्केट, आप भी बन सकते है सहभागी
जिला क्षय केन्द्र बैतूल में गुरूवार 12 जनवरी को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश बौद्ध, सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा एवं जिला चिकित्सालय के 4 अन्य चिकित्सकों द्वारा निक्षय मित्र बनकर क्षय बीमारी का उपचार ले रहे 6 मरीजों को पोषण आहार बास्केट वितरित की गई। यह बास्केट नि:शुल्क सामुदायिक सहायता के रूप में मरीजों को 6 माह तक प्रदान की जायेगी।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत क्षय के मरीजों को सामुदायिक सहायता के अंतर्गत पोषण आहार बास्केट वितरण का कार्य जनसहयोग से किया जा रहा है। इस हेतु निक्षय मित्र बनकर सहायता दी जा सकती है। टीबी मरीजों के लिये सामुदायिक सहायता का उद्देश्य इन मरीजों के इलाज के बेहतर आउटकम के लिये अतिरिक्त सहायता प्रदान करना है। वर्ष 2025 तक भारत को टीबी मुक्त करने की प्रतिबद्धता के लिये समुदाय का अधिकाधिक सहयोग लेना है। जिन मरीजों का टीबी का उपचार जारी है उन्हें समुदाय की मदद से मासिक पोषण बास्केट प्रदाय की जाना है, जिससे उन्हें अतिरिक्त पोषण मिल सके। इसी अनुक्रम में गुरूवार को सीएमएचओ डॉ. बौद्ध द्वारा रेशम बानो पिता श्री शकील खान उम्र 20 वर्ष निवासी आजाद वार्ड बैतूल को पोषण आहार बास्केट वितरिता की गई। इसी तरह श्री लखन पिता श्री मुन्नालाल चौधरी उम्र 48 वर्ष निवासी सोनाघाटी बैतूल को सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा, कुमारी दीपाली पिता श्री हरीश येवले उम्र 21 वर्ष निवासी कोठी बाजार बैतूल को शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश घोरे, कुमारी मालती पिता श्री फूलसिंह परते उम्र 24 वर्ष निवासी मालवीय वार्ड बैतूल को हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रूपेश पदमाकर, कुमारी निकिता पिता श्री मुन्नालाल मर्सकोले उम्र 26 वर्ष निवासी चिखलार को आर.एम.ओ. डॉ. रानू वर्मा, श्री संजय पिता श्री जयपाल खातरकर उम्र 30 वर्ष निवासी सोनाघाटी बैतूल को शल्य क्रिया चिकित्सक डॉ. रंजीत राठौर द्वारा पोषण आहार बास्केट वितरित की गई।
पोषण आहार बास्केट में पांच किलो आटा, एक किग्रा तुअर दाल, एक किग्रा दलिया, एक किग्रा सत्तू, एक पैकेट सोयाबड़ी एवं एक पैकेट फुटाने शामिल हैं। यह पोषण आहार बास्केट सतत 6 माह तक क्षय का उपचार ले रहे मरीजों को निक्षय मित्रों द्वारा नि:शुल्क प्रदान की जायेगी।
सीएमएचओ डॉ. बौद्ध ने बताया कि बास्केट की अनुमानित राशि 500 से 600 रुपए के मध्य है। टीबी मरीजों को यह बास्केट कोई भी प्रदान कर निक्षय मित्र बन सकता है। उन्होंने मरीजों की सामुदायिक सहायता हेतु जिले के जन प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, स्वयं सेवी संगठनों, समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले इच्छुक नागरिकों, महिला संगठनों, वयोवृद्ध वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन से आगे आकर निक्षय मित्र बनने एवं जिला क्षय केन्द्र में पंजीयन कराने का आग्रह किया है। पंजीयन हेतु जिला क्षय अधिकारी डॉ. आनंद मालवीय के मोबाइल नंबर 9406928617 एवं क्षय कंसल्टेंट श्री अजय नागले के मोबाइल नंबर 9300004244 पर सम्पर्क किया जा सकता है। पोषण आहार बास्केट वितरण कार्यक्रम में जिला क्षय अधिकारी डॉ. आनंद मालवीय सहित जिला क्षय केन्द्र बैतूल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।



