Betul News : सेंट्रल कॉफी बोर्ड की टीम पहुंची बैतूल, कुकरू में कॉफी उत्पादन के विस्तार के लिए करेगी सर्वे
Betul News: Central Coffee Board team arrives in Betul; to conduct a survey for expanding coffee production in Kukru.
Central Coffee Board Team Arrives in Betul : बैतूल जिले के हिल स्टेशन कुकरू में कॉफी उत्पादन के विस्तार की संभावनाओं को तलाशने के लिए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के प्रयासों से सेंट्रल कॉफी बोर्ड की तीन सदस्यीय टीम बैतूल पहुंची। टीम द्वारा कुकरू क्षेत्र का सर्वे कर यहां कॉफी उत्पादन के विस्तार की संभावनाओं, उपयुक्त किस्मों तथा आवश्यक तकनीकी एवं अधोसंरचनात्मक व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव दिए जाएंगे।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में सेंट्रल कॉफी बोर्ड की टीम द्वारा कॉफी उत्पादन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में रोबस्टा एवं अरेबिका कॉफी की किस्मों, भारत में कॉफी उत्पादन एवं निर्यात, कॉफी उत्पादन से पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी संरक्षण, रोजगार एवं आजीविका के अवसर, ग्रीन रिवाइवल तथा कॉफी उत्पादन के लिए उपयुक्त वातावरण एवं तकनीक सहित तकनीकी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कहा कि कुकरू में कॉफी उत्पादन के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। कॉफी बोर्ड द्वारा क्षेत्र के सर्वेक्षण के उपरांत दिए जाने वाले तकनीकी सुझाव कॉफी उत्पादन को व्यवस्थित एवं व्यापक रूप देने में महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि कॉफी उत्पादन के लिए आवश्यक सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उपयुक्त कॉफी किस्म, उत्पादन तकनीक तथा किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में कॉफी बोर्ड, सेंट्रल रिसर्च इंस्टीट्यूट के ज्वाइंट डायरेक्टर श्री एन. नंदगोपाल, डिवीजनल हेड डॉ. रौद्रगोड़ा, डॉ. सोमानाथगोड़ा, डीएफओ श्री अरिहंत कोचर, एसडीओ फॉरेस्ट श्री ध्रुव श्रीवास्तव, कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी, उप संचालक उद्यानिकी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



