Betul Crime News : बैतूल में किराना व्यापारी से लूट के प्रयास करने वाले एक आरोपी को किया गिरफ्तार
Betul Crime News: One accused arrested for attempted robbery of a grocery merchant in Betul.
Betul Crime News : बैतूल में किराना व्यापारी के साथ लूट का प्रयास करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 10:00 बजे दिलबहार चौक स्थित प्रेमी किराना के संचालक ललित कुमार पोपली और निर्मल पोपली अपनी दुकान बंद कर अपने पिता के साथ अलग-अलग स्कूटी से घर लौट रहे थे। रामकृष्ण बगिया के पास नारंगी रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।आरोपियों ने लूट की नीयत से फरियादी की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया। फरियादी के पिता द्वारा विरोध एवं शोर मचाने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकी दी तथा स्कूटी में रखा बैग चेक किया। बैग में नगदी नहीं मिलने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर थाना गंज में *अपराध क्रमांक 192/2026 अंतर्गत धारा 309(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)* के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। विवेचना अधिकारी उप निरीक्षक उत्तम मस्तकार के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की मोटरसाइकिल, हुलिया एवं भागने के मार्ग से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए।
इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से प्राप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण महार अरुण पिता भुजंग महार, उम्र 25 वर्ष, निवासी बंगाली कॉलोनी, आदमगढ़, थाना कोतवाली, जिला नर्मदापुरम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहना गया गमछा भी बरामद किया गया।
अन्य आरोपी अभी भी फरार
प्रकरण में फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही आरोपी एवं उसके साथियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है ताकि पूर्व में घटित इसी प्रकार की लूट एवं संपत्ति संबंधी वारदातों में उनकी संलिप्तता का पता लगाया जा सके।थाना गंज पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से गंभीर अपराध का सफल खुलासा हुआ है, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और कानून व्यवस्था की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है।
आरोपी को पकड़ने में शेष योगदान
थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल, उप निरीक्षक उत्तम मस्तकार, प्रधान आरक्षक अंकित अग्निहोत्री, प्रधान आरक्षक मयूर तावरे, प्रधान आरक्षक आशीष चौहान, आरक्षक अनिरुद्ध, आरक्षक बलराम एवं आरक्षक राजेंद्र धाडसे की सराहनीय भूमिका रही।



