Betul Road Accident : बोलेरो वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में पति की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
Betul Road Accident: Bolero vehicle hits bike, husband dies in accident, wife seriously injured
Betul Road Accident : बैतूल। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा भैंसदेही थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम ग्राम झिरी के पास हुआ। पुलिस के अनुसार खेड़ापुर निवासी दंपत्ति रंगलाल पिता काड़मा दहीकर (39) और उनकी पत्नी भागरती बाई बाइक से पांचगांव डोंगरी से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रंगलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल भागरती बाई को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में रंगलाल के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बोलेरो चालक की तलाश शुरू करते हुए हादसे की जांच प्रारंभ कर दी है।
वहीं दूसरा हादसा डहरगांव के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने से उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड के आधार पर युवक की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश भी की जा रही है। दोनों सड़क दुर्घटनाओं के बाद पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने की अपील की है।



