Betul Crime News : बैतूल में दो हत्याओं से सनसनी, खेत में मिला युवक का शव, पत्नी को लेने ससुराल गए युवक की पीट-पीटकर हत्या

Betul Crime News: Two murders create sensation in Betul, body of a youth found in a field, youth beaten to death while going to in-laws' house to pick up his wife

Betul Crime News :  बैतूल जिले में दो अलग-अलग हत्या की घटनाओं ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। एक युवक का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जबकि दूसरी घटना में पत्नी को लेने ससुराल गए युवक की मारपीट के बाद मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पहली घटना साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जावरा की है। यहां रहने वाले 40 वर्षीय गुणवंत पिता गोविंदराव रविवार से लापता थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन सोमवार को उनका शव गांव के समीप एक खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

साईंखेड़ा थाना प्रभारी बी.एल. उइके ने बताया कि मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने किसी धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या की और बाद में शव को खेत में फेंक दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे और एसडीओपी सुनील लाटा भी मौके पर पहुंचे और जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।

 

युवक को ससुराल पक्ष वालों ने पीटा, मौत

दूसरी घटना भैंसदेही क्षेत्र से सामने आई है। ग्राम मरामझिरी निवासी 25 वर्षीय आकाश मरकाम अपनी पत्नी को लेने के लिए ग्राम जूनापानी स्थित ससुराल गया था। बताया जा रहा है कि वहां किसी बात को लेकर उसका ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने आकाश के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट कर दी।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल आकाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। युवक की मौत के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

लगातार सामने आई इन दो हत्या की घटनाओं ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button