MP Pre Monsoon Rain : मध्यप्रदेश के कई जिलों में आंधी- तूफान के साथ बारिश का अलर्ट, बैतूल में हुई ओलावृष्टि

MP Pre-Monsoon Rain: Rain alert along with thunderstorms in several districts of Madhya Pradesh, hailstorm in Betul

MP Pre-Monsoon Rain :  एमपी मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे के लिए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। यह पूर्वानुमान 1 जून सुबह 8:30 बजे से 2 जून सुबह 8:30 बजे तक के लिए जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार मंदसौर, नीमच, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

वहीं प्रदेश के अनेक जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और वर्षा होने का अनुमान है। इनमें भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सतना, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा शामिल हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। किसानों को भी फसलों और कृषि उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।

प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं, जिसके चलते कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि

बैतूल जिले में प्री-मानसून की सक्रियता के बीच नौतपा के आठवें दिन अचानक मौसम ने करवट ले ली। दोपहर के समय तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने से जनजीवन प्रभावित हो गया। सोमवार सुबह तक जहां तेज धूप और उमस भरा मौसम बना हुआ था, वहीं आसमान में बादलों की आवाजाही भी शुरू हो गई थी। दोपहर करीब दो बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और इसके बाद बारिश के साथ ओले गिरने लगे। जिला मुख्यालय पर चने के आकार के ओले गिरे, जिससे कुछ देर के लिए सडक़ों पर सफेद परत जैसी स्थिति बन गई। लगभग 5 मिनट तक ओलावृष्टि का दौर चला, जिसके बाद बारिश भी तेज हो गई।
जिले के अन्य क्षेत्रों से भी कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश की खबरें सामने आईं। बारिश के बाद तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। किसानों के लिए यह बारिश राहत और उम्मीद दोनों लेकर आई है। किसान लंबे समय से झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे थे ताकि खरीफ फसलों की बोवनी शुरू की जा सके। माना जा रहा है कि यदि आने वाले दिनों में प्री-मानसून की गतिविधियां इसी तरह बनी रहीं तो खेती-किसानी के कामों में तेजी आएगी। गौरतलब है कि नौतपा की शुरुआत को आठ दिन बीत चुके हैं और अब इसके समाप्त होने में केवल एक दिन शेष है। इसके बाद 7 जून से मृगनक्षत्र की शुरुआत होगी, जिसे कृषि कार्यों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button