Betul Road Accident : ट्रक पलटने से वृद्ध की मौत, 31 श्रद्धालु घायल, घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुँचे कलेक्टर
Betul Road Accident: Elderly man dies after truck overturns, 31 devotees injured; Collector visits hospital to inquire about the condition of the injured.
Betul Road Accident : बैतूल। जिले के ग्राम हिवारखेड़ी के पास रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मां चंडी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा मिनी ट्रक (आयशर) अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सभी यात्री ग्राम मुड़ापार, तहसील मुलताई के निवासी हैं। वे मां चंडी मंदिर, तहसील चिचोली में दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान हिवारखेड़ी के निकट चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक पलट गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर घायलों की विशेष निगरानी रखने और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। इस दौरान एसडीओपी सुनील लाटा भी मौजूद रहे।
तहसीलदार पूनम साहू ने बताया कि दुर्घटना में घायल 31 लोगों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। उपचार के दौरान सुखराम (70 वर्ष) की मृत्यु हो गई। वहीं राम्मीबाई (50 वर्ष) और शुभम (23 वर्ष) की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। अन्य सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



