MP Police : कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर अलर्ट, साइबर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
MP Police: Cyber police issues advisory on Cockroach Janata Party
MP Police : शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी साइबर क्राइम विभाग ने सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” के नाम पर हो रही ऑनलाइन ठगी को लेकर एडवाइजरी जारी की है। साइबर पुलिस के अनुसार कुछ साइबर ठग लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने के नाम पर लिंक और APK फाइल भेज रहे हैं, जिनके जरिए मोबाइल हैक कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि मई 2026 से यह ऑनलाइन राजनीतिक मूवमेंट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है। इसी का फायदा उठाकर ठग लोगों को WhatsApp, Telegram और SMS के माध्यम से संदिग्ध लिंक भेज रहे हैं। इन लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल का डेटा चोरी होने, बैंक खातों से रकम निकलने और निजी जानकारी लीक होने का खतरा बढ़ जाता है।
साइबर पुलिस की नागरिकों से अपील
साइबर क्राइम शाखा ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि केवल Google Play Store या आधिकारिक वेबसाइट से ही ऐप डाउनलोड करें। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक या एप्लीकेशन को आगे फॉरवर्ड भी न करें।
बरतें ये सावधानियां
- किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
- WhatsApp, Telegram या SMS में आए संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड न करें।
- केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही ऐप इंस्टॉल करें।
- यदि गलती से कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल हो जाए तो तुरंत उसे हटाएं और सभी पासवर्ड बदलें।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत अपने बैंक को सूचना दें और नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं। नागरिक राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
- साइबर पुलिस ने नागरिकों से जागरूक और सतर्क रहने की अपील की है ताकि ऑनलाइन ठगी से बचा जा सके।




