Petrol-Diesel Price Hike : आज तीसरी बार फिर बढ़े पेट्रोल और डीजल के दाम, मंहगाई ने तोड़ी कमर
Petrol-Diesel Price Hike: Petrol and diesel prices increased for the third time today, inflation broke the back

Petrol-Diesel Price Hike : ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज स्ट्रेट में बने हालात का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच शनिवार को देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा कर दिया गया। मई महीने में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं।
तेल कंपनियों की ओर से जारी नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि परिवहन और स्थानीय टैक्स के कारण मध्य प्रदेश के कई शहरों में यह बढ़ोतरी एक रुपए या उससे अधिक तक पहुंच गई है।
राजधानी भोपाल में पेट्रोल अब 111.71 रुपए प्रति लीटर और डीजल 96.85 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं इंदौर में पेट्रोल 111.85 रुपए और डीजल 96.92 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबलपुर में पेट्रोल की कीमत 112.18 रुपए और डीजल 97.32 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। ग्वालियर में पेट्रोल 111.63 रुपए तथा डीजल 96.80 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। उज्जैन में पेट्रोल 112.10 रुपए और डीजल 97.21 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
बताया जा रहा है कि होर्मुज स्ट्रेट में तनाव बढ़ने से वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंता गहराई है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है, जिसका असर भारत में भी ईंधन कीमतों पर पड़ रहा है।
मई महीने में अब तक तीन बार पेट्रोल-डीजल महंगे हो चुके हैं। 15 मई को पहली बार पेट्रोल में 3.14 रुपए और डीजल में 3.11 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद 19 मई को करीब 90 पैसे प्रति लीटर दाम बढ़े और अब 23 मई को फिर नई वृद्धि लागू कर दी गई है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम उपभोक्ताओं के साथ परिवहन, कृषि और व्यापार क्षेत्र पर भी अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ने लगा है।

