Betul News : राशन वितरण में मिली अनियमितता, विक्रेता को किया निलंबित
Betul News: Irregularities found in ration distribution, seller suspended
Betul News : बैतूल जिले की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित मांडवी अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान बोरपानी में अनियमितताओं का मामला सामने आया है। मामले में कार्रवाई करते हुए विक्रेता रमेश धोटे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे के निरीक्षण के बाद की गई।जानकारी के अनुसार बोरपानी की शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन विक्रेता रमेश धोटे के जिम्मे था। 15 मई 2026 को कलेक्टर द्वारा दुकान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान संचालन में कई अनियमितताएं पाई गईं। जांच में सामने आया कि राशन वितरण में नापतौल में गड़बड़ी की जा रही थी। इसके अलावा उपभोक्ताओं से निर्धारित राशि से अधिक पैसे लेने की शिकायतें भी मिलीं। यह कार्य शासन की घोषित नीति और नियमों के विपरीत पाया गया।
प्रशासनिक दस्तावेज के अनुसार विक्रेता का यह कृत्य लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया है। संस्था के कर्मचारी सेवा नियमों के अध्याय 6 की कंडिका 23 एवं 24 के तहत इसे दंडनीय माना गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी ने विक्रेता रमेश धोटे को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी, ताकि राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके और हितग्राहियों के अधिकारों की रक्षा हो सके।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से राशन वितरण को लेकर शिकायतें सामने आ रही थीं। प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई से लोगों को उम्मीद है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सुधार होगा और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सकेगा।



