Betul News : बैतूल में आटे की लोई में रखा था विस्फोटक, कई मवेशियों ने खाई, मुंह के उड़े चिथड़े
Betul News: Explosives were placed in a dough ball in Betul; several cattle ate them, their mouths blown to pieces.
Betul News : बैतूल जिले के भौंरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोयलारी पंचायत कछार में मंगलवार को एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां अज्ञात विस्फोटक पदार्थ के सेवन से 11 गोवंश प्रभावित हो गए, जिनमें से 3 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 गोवंश गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों के मुंह बुरी तरह फट जाने से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के पास बने छोटे डेम पर रोजाना की तरह गोवंश पानी पीने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि कई गोवंश तड़प रहे थे और कुछ मृत अवस्था में पड़े थे। यह दृश्य देखकर गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
ग्रामीण लखन मवासे ने बताया कि डेम किनारे आटे के गोलों में विस्फोटक सामग्री मिलाकर रखी गई थी। गोवंश द्वारा इन्हें खाने के बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रारंभिक तौर पर इसे सुनियोजित साजिश माना जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय हिंदू सेना के सदस्य आकाश साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने इसे गंभीर और सोची-समझी हरकत बताया है।
सूचना पर भौंरा थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, पटवारी और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। साथ ही घायल गोवंश के उपचार के लिए पशु चिकित्सकों की टीम भी तैनात की गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।



