Betul Road Accident : बैतूल श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक की मौत, 32 घायल

Betul Road Accident: Tractor-trolley full of devotees overturned in Betul, one dead, 32 injured

Betul Road Accident :  बैतूल जिले के मोहदा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। घायलों को पहले भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल करीब 12 से 15 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मोहदा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अमरावती जिले के धारणी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोड़ीलावा के करीब 35 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर बैतूल जिले के भैंसदेही स्थित गुप्तवाड़ा देवस्थान दर्शन के लिए आए थे। दर्शन कर वापस अपने गांव लौटते समय सोमवार रात लगभग 8 बजे मोहदा थाना क्षेत्र के ग्राम खेरा कुनखेड़ी के पास एक मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई।

हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बुकला पिता बाटू जावलकर (58) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिला, पुरुष और बच्चों सहित 32 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मोहदा पुलिस और डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को तत्काल पुलिस वाहन, एंबुलेंस की मदद से भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को रात में ही जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों को फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।

यहाँ श्रद्धालु हुए है गंभीर घायल

हादसे में घायल होने वालों में भाड़ीलावा निवासी कृष्णा (14), रामबाई (50), कोटमी निवासी बीसराम (50), गोलाई निवासी ईश्वर (24), फुलवती (3), जयश्री (30), कली (30), अर्जुन (25), उर्मिला (30), रेखा (30), शिवराम (40), तुलसीराम (28) और लोधी (60) सहित अन्य लोग शामिल हैं।पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मोड़ पर तेज गति और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button