MP News : इंदौर में खेलते-खेलते दो बच्चों का किया अपहरण, परिजनों से 15 लाख की मांगी फिरौती
MP News: Two children were kidnapped while playing in Indore, a ransom of Rs 15 lakh was demanded from the family.
MP News : गुरुवार शाम एक शांत कॉलोनी अचानक दहशत में बदल गई, जब घर के पास बगीचे में खेल रहे दो मासूम बच्चों का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया। घटना ग्रेटर तिरुपति नगर (बख्तावरराम नगर) की है, जहां 8 साल का नैतिक उर्फ डुग्गु और 11 साल का सम्राट हर दिन की तरह दोस्तों के साथ खेलने गए थे… लेकिन इस बार वे घर वापस नहीं लौटे।
बताया जा रहा है कि एक अनजान युवती बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। जैसे-जैसे रात गहराती गई, परिवार की बेचैनी डर में बदल गई। तभी रात करीब 11 बजे नैतिक की मां के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया—फोन के दूसरी तरफ थी वही युवती… और उसने सीधे 15 लाख रुपये की फिरौती मांग ली!
“पैसे नहीं दिए तो बच्चों को बहुत दूर ले जाऊंगी” — इस धमकी भरे शब्दों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। एक के बाद एक कई कॉल आए, जिससे परिवार और मोहल्ले में दहशत फैल गई।हैरानी की बात यह रही कि पुलिस के सामने ही फिरौती के कॉल आते रहे। आरोप है कि एसीपी तुषार सिंह ने परिजनों से पहले पैसों की व्यवस्था करने को कहा, जिससे लोगों में आक्रोश भड़क उठा। रात भर चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए रात करीब 12:45 बजे दत्त नगर से आरोपी युवती राधिका को गिरफ्तार कर लिया। राहत की बात यह रही कि दोनों बच्चे सुरक्षित बरामद कर लिए गए। इस सनसनीखेज अपहरण ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या अब घर के पास खेलना भी सुरक्षित नहीं रहा?



