Betul News : Betul News : जटाशंकर मंदिर धाम में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चांदी का सामान एवं नगदी बरामद
Betul News: Betul News: Accused of theft in Jatashankar Temple Dham arrested, silver items and cash recovered
Betul News : श्री जटाशंकर मंदिर धाम से हनुमान जी के चांदी के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 17 अप्रैल को फरियादी मनीष सिंह रघुवंशी, निवासी ग्राम राठीपुर द्वारा थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा श्री जटाशंकर मंदिर धाम से श्री हनुमान जी के चांदी के आभूषण (तिलक, बोहे, हाथ एवं पैर की पट्टियां) तथा दान पेटी से लगभग 3000 रुपये नगद चोरी कर लिये गये हैं।प्रकरण में थाना गंज में *अपराध क्रमांक 101/26 धारा 331(4), 305(डी) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया।
विवेचना के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम राठीपुर में एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी का चांदी का सामान बेचने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची एवं संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विकास पिता मोजीलाल मालवी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ससुद्रा थाना आमला बताया तथा जटाशंकर मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से श्री हनुमान जी की मूर्ति के चांदी के तिलक, हाथ एवं पैर के कड़ेनुमा पट्टे, बोहे तथा नगद 2,500 रुपये बरामद किये गये। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
विशेष योगदान
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक नीरज पाल, सहायक उपनिरीक्षक राममूरत वर्मा, प्रधान आरक्षक मंतराम सरयाम, आरक्षक अंकित अग्निहोत्री, आरक्षक नरेन्द्र धुर्वे एवं आरक्षक नवीन रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।



