Betul News : सीमांकन के दौरान बवाल, पथराव में पुलिस अधिकारी और भाजयुमो जिलाध्यक्ष भास्कर मगर्दे घायल
Betul News: Chaos during demarcation, police officer and BJYM district president Bhaskar Magarde injured in stone pelting

Betul News : बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ी मोसी में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे जमीन के सीमांकन को लेकर विवाद हिंसक हो गया। राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में अचानक पथराव शुरू हो गया, जिसमें मासोद चौकी प्रभारी रणधीर राजपूत और भाजयुमो जिलाध्यक्ष भास्कर मगरदे घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग की टीम सीमांकन के लिए गांव पहुंची थी, जहां कुछ आदिवासी परिवारों ने कार्रवाई का विरोध किया। विरोध देखते ही देखते उग्र हो गया और ग्रामीणों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान चौकी प्रभारी और भाजयुमो नेता को सिर और पैरों में चोटें आईं।
घटना के समय मौके पर तहसीलदार, राजस्व अमला और करीब आठ पुलिसकर्मी मौजूद थे। सीमांकन के लिए जेसीबी मशीन भी बुलाई गई थी, लेकिन हालात इतने बिगड़ गए कि टीम को वहां से हटना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही मुलताई से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। घायलों को पहले महाराष्ट्र के वारुड में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मुलताई पुलिस ने इस मामले में 30 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया है अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।



