Betul News : पानी और सड़क की मांग को लेकर बैतूल-परतवाड़ा मार्ग पर चक्काजाम दो घंटे तक हाईवे पर थमे रहे वाहनों के पहिए
Betul News: Demand for water and road blocked the Betul-Paratwada road, vehicles remained stalled on the highway for two hours.
Betul News : बैतूल में गर्मी की शुरुआत होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट गहराने लगा है। पीने के पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को झल्लार क्षेत्र में बैतूल-परतवाड़ा मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम नीमढाना और विजयग्राम के ग्रामीणों ने पानी और जर्जर सड? की समस्या को लेकर हाईवे पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। करीब दो घंटे तक चले चक्काजाम के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।जानकारी के अनुसार झल्लार क्षेत्र का ग्राम नीमढाना लगभग 250 घरों की बस्ती है, जहां लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि पीएचई विभाग द्वारा पानी की व्यवस्था को लेकर केवल दावे किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। गांव में नलजल योजना सुचारू नहीं होने से लोगों को खेतों में स्थित कुओं से पानी लाकर पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दी थी। समस्या का निराकरण नहीं होने पर मंगलवार को ग्रामीण सड़क पर उतर आए और बैतूल-परतवाड़ा हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने नीमढाना से विजयग्राम तक की सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है और बरसात के समय हालात और खराब हो जाते हैं।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीएम और तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद यातायात फिर से सुचारू हो सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी और सड़क की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



