MP Board Exam 2026 : बैतूल में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा का 10 फरवरी से आगाज हो रहा है। शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली है। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। कलेक्टर ने शांति पूर्वक परीक्षा संपन्न करने के निर्देश जारी किए हैं।
मंगलवार को कक्षा 12वीं का अंग्रेजी का प्रश्र पत्र संपन्न होगा। परीक्षा 114 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। 12वीं में कुल 14 हजार 544 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिसमें नियमित विद्यार्थियों की संख्या 13 हजार 250 और स्वाधायी विद्यार्थियों की संख्या 1 हजार 212 है। परीक्षा सुबह 9 बजे से 12 बजे तक आयोजित होगी। आधा घंटा पहले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना होगा।
प्रवेश पत्र के अलावा कोई भी वस्तु कक्ष के भीतर ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा कक्ष के भीतर प्रवेश के पहले विद्यार्थियों की चेकिंग की जाएगी। नकलचियों पर नजर रखने के लिए इस बार भी बेहतर व्यवस्था बनाई है। कोई विद्यार्थी नकल करते पाया गया तो उसे परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।
24 उड़नदस्ते रखेंगे निगरानी
नकलचियों पर नजर रखने के लिए जिला स्तर सहित ब्लाक स्तर पर उड़नदस्तों का गठन किया है। जिला मुख्यालय पर बनाए गए उड़नदस्तों में उच्चाधिकारी शामिल रहेंगे। ब्लाक स्तर के उड़नदस्तों में राजस्व अधिकारी ब्लाक शिक्षा अधिकारी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए कुल 24 उड़नदस्ते बनाए गए हैं। इसमें चार जिला स्तरीय उड़नदस्ते और बीस विकासखंड स्तरीय उड़नदस्ते शामिल हैं। परीक्षा समय में सभी उड़नदस्ते परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर जायजा लेंगे। विद्यार्थियों को पहले ही सूचित कर दिया है कि वे नकल का इस्तेमाल न करें। अन्यथा उनका करियर खराब हो सकता है।
11 केंद्रों पर लगाए गए हैं जेंमर
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल ले जाने पर पूर्णत: प्रतिबंध है। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर जेमर लगाए गए हैं। यह जेमर लगने से कोई भी मोबाइल सहित अन्य डिजिटल साधन का उपयोग नहीं कर पाएंगे। दरअसल यह जेमर मोबाइल नेटवर्क को जाम कर देते हैं। वैसे तो सभी केंद्र अध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी परीक्षा कक्ष में मोबाइल लेकर न जाए। कोई भी नियमों का उल्लंघन करते पाया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
परीक्षा केंद्रों पर समुचित व्यवस्थाएं रहें: कलेक्टर सूर्यवंशी
बैतूल। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिले के सभी निर्धारित 127 परीक्षा केंद्रों पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाए। सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं बीआरसी के साथ निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों से समन्वय कर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल की भी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील केंद्रों पर आवश्यक सतर्कता बरती जाएं। जिला स्तर के साथ विकासखंड स्तर पर भी कंट्रोल रूम को सक्रिय किया जाएं। कलेक्टर ने यह भी कहा कि परीक्षा की गोपनीय सामग्री समय पर और पूरी सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाई जाए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं एवं समसामयिक विषयों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन, अपर कलेक्टर वंदना जाट सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जारी किए प्रतिबंधात्मक आदेश
—
बैतूल माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार जिले में हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी की वार्षिक परीक्षाएं 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी। इसके साथ ही फरवरी-मार्च से नर्सरी, प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं भी चरणबद्ध रूप से आयोजित की जाएंगी, जो अनुमानतः अप्रैल 2026 तक चलेंगी।
परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों के लिए शांत और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा में रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तार यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं परीक्षा समय में परीक्षा केंद्र से 100 मीटर की परिधि में भी लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। परीक्षा के दौरान किसी भी स्कूल से 100 मीटर की सीमा में 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन का उपयोग भी पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। वहीं परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के अलावा कोई भी व्यक्ति परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेगा। परीक्षार्थियों को नकल सामग्री, संकेत या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध कराने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान जिले में किसी भी प्रकार के जुलूस, धरना, प्रदर्शन, आमसभा, नारेबाजी या शासन विरोधी गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही कोई भी व्यक्ति लाठी, चाकू, हथियार या अन्य धारदार वस्तु लेकर नहीं चल सकेगा।
आवश्यक होने पर आमजन प्रातः 6 बजे से शाम 10 बजे तक संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी से अभिमत प्राप्त कर किसी कार्यक्रम की सशर्त अनुमति प्रदान कर सकेंगे। किन्तु ऐसी अनुमति से परीक्षा के संचालन में कोई बाधा या विपरीत परिस्थितियां उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने आमजन से अपील की है कि वे परीक्षार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।