betul weather: बैतूल में चार डिग्री गिरा तापमान, ठंड के दिखने लगे तेवर

Betul weather: Temperature drops by four degrees in Betul, cold weather begins to show

File photo

Betul weather: बैतूल उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने बैतूल जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। पिछले 24 घंटों में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यह 17.0 डिग्री था। यानी महज एक दिन में 4 डिग्री की गिरावट के साथ ठंड ने दस्तक दे दी है। जिले में सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलने लगी हैं और लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी का असर अब मध्य भारत तक पहुंचने लगा है। हिमालय की ओर से चल रहीं शुष्क उत्तरी हवाएं बैतूल सहित आसपास के जिलों में ठंड बढ़ा रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। नवंबर के शुरुआती हफ्ते में ही ठंड की यह दस्तक साफ संकेत दे रही है कि इस बार सर्दी सामान्य से पहले और अधिक तीव्र हो सकती है।

बैतूल शहर और ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय कोहरे की हल्की चादर देखी जा रही है। वहीं, सूरज निकलने के बाद भी हवा में ठंडक बनी रहती है। रात के समय तापमान में तेजी से गिरावट होने से लोगों ने अब घरों के बाहर अलाव जलाना शुरू कर दिया है। मोहल्लों, चौक-चौराहों और गांवों में लोग अलाव के आसपास बैठकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।

शहरवासियों का कहना है कि दिवाली के बाद ही ठंड का ऐसा असर कई सालों बाद देखने को मिल रहा है। अब लोग सुबह की सैर और देर शाम बाहर निकलते समय स्वेटर या जैकेट पहनने लगे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है, जिससे बैतूल में सर्दी का असर और तेज होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button