MP Sleeper Bus Fire Accident : इंदौर जा रही स्लीपर बस में लगी भीषण आग, जलकर खाक हो गई गाड़ी
MP Sleeper Bus Fire Accident: A sleeper bus going to Indore caught fire, burning to ashes.
MP Sleeper Bus Fire Accident : अशोकनगर जिले के ईसागढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। पिछोर से सवारियों को लेकर इंदौर जा रही स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस आग की लपटों में घिर गई, लेकिन गनीमत रही कि सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि यात्रियों का सारा सामान जलकर राख हो गया।
चलती बस में मची अफरातफरी
हादसा ईसागढ़ क्षेत्र के बमनावर और डेलकेवर गांव के बीच रात करीब आठ बजे हुआ। बस यात्रियों से पूरी तरह भरी थी। अचानक बस के अगले हिस्से से धुआं उठता दिखा और कुछ ही पलों में आग भड़क गई। चालक ने बस रोककर यात्रियों को शीशे तोड़कर बाहर निकाला। सभी लोग जान बचाने के लिए सड़क किनारे भागे, जबकि आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
फायरब्रिगेड की देरी से बढ़ी मुश्किल
सूचना मिलते ही ईसागढ़ और आनंदपुर से पुलिस एवं प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सड़क को दोनों ओर से बंद किया गया और पांच फायरब्रिगेड मौके पर बुलाई गईं। हालांकि एक वाहन का पानी खत्म हो जाने से बुझाने के काम में देरी हुई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
यात्रियों ने जताई राहत, लेकिन सामान खाक
यात्रियों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि किसी को अपना सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। सभी ने जीवित बचने पर राहत जताई, लेकिन मोबाइल, बैग, कपड़े और जरूरी दस्तावेज आग में स्वाहा हो गए।
(MP News | अशोकनगर)
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का कारण प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।


