Betul News : कॉलेज छात्रा ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, जाँच में जुटी पुलिस
Betul News: College student commits suicide by hanging herself at home, police engaged in investigation
Betul News : बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भडूस में एक कॉलेज छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया।
खेड़ीसावलीगढ़ चौकी प्रभारी राकेश सरियाम अनुसार, बुधवार शाम करीब 18 वर्षीय प्रतिभा, जो कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा थी, ने अपने घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय छात्रा के परिजन खेत में मक्का तोड़ने गए हुए थे। जब वे शाम को घर लौटे, तो उन्होंने प्रतिभा को घर के पिछले कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्यवाही की। इसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एएसआई पचौरी ने बताया कि बुधवार दोपहर प्रतिभा ने परिजनों के साथ सामान्य रूप से भोजन किया था। उस समय उसके व्यवहार में किसी तरह की परेशानी दिखाई नहीं दी। शाम को जब परिजन खेत से लौटे, तो उन्हें यह दुखद दृश्य देखने को मिला।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया।



