Betul Crime News Today: जमीनी विवाद में बड़े भाई और उसके बेटे ने की थी युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Betul Crime News Today: Elder brother and his son murdered a young man in a land dispute, accused arrested
Betul Crime News Today: बैतूल भैंसदेही पुलिस को अंधे कत्ल का खुलासा करने में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। जमीनी विवाद में युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या करने वाले बड़े भाई और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की घटना का खुलासा करते हुए भैंसदेही थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि 20 जून की रात्रि को ग्राम ढोंडी के कोटवार ने सूचना दी थी कि श्मशान घाट पूर्णा नदी में अज्ञात शव का पड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। अज्ञात व्यक्तियों ने शव को बड़े-बड़े पत्थरों से बांधकर नदी में फेंक दिया था। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस मृतक की शिनाख्त में जुटी। पहले तो परिजनों ने पहचाने से मना किया, लेकिन ग्रामीणों ने मृतक को पहचान लिया और उसकी पहचान रमेश पिता काल्या भूसूमकर (40) निवासी ढोंडी के रूप में की गई। मृतक का पोस्टमार्टम किया तो उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी। इस तरह से हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक हत्या की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की थी। पुलिस ने टीम ने जांच शुरू कर दी और जांच में पता चला कि मृतक का बड़े भाई फगना भुसुमकर (58) और उसके लड़का राजू भुसुमकर (25) का विवाद हुआ था। पुलिस ने संदेह के आधार पर बड़े भाई और उसके लड़के को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की। पूछताछ में पिता-पुत्र ने रमेश की हत्या करने की बात कबूल की। बताया गया कि मृतक रमेश जमीन बेचने की बात कह रहा था उसके हिस्से की जमीन नहीं जोतने दे रहा था। 17 जून की रात को 12 बजे फगन और उसके बेटे राजू ने रमेश की हत्या कर शव को बैल के जुआड़ा पर रखकर पूर्णा नदी ले गए और शव को पत्थरों से बांधकर नदी में बहा दिया था। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे में भैंसदेही थाना प्रभारी अंजना धुर्वे, उपनिरीक्षक प्रीति पाटिल, सहायक उपनिरीक्षक, अवधेश वर्मा, अजय भाट, प्रधान आरक्षक छोटेलाल वछानिया, आरक्षक नितिन ठाकुर, मनोज इवने, नारायण जाट, महिला आरक्षक अंकिता शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



